हिंडन के पास कूड़ा डंप करने पर नगर निगम गंभीर, खोड़ा पालिका से मांगा स्पष्टीकरण

-कूड़ा डंप कर रहे जेसीबी को किया जब्त

गाजियाबाद। खोड़ा नगर पालिका द्वारा हिंडन नदी के किनारे कूड़ा डंप किए जाने के मामले में गाजियाबाद नगर निगम ने नोटिस जारी किया है। नगर निगम ने मौके से कूड़ा डंप कर रहे जेसीबी को भी जब्त किया है। उधर इस मामले में खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि इस तरह का मामला उनकी संज्ञान में नहीं आया है।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह के निर्र्देश पर नगर निगम की टीम ने खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी
से हिंडन नदी किनारे कूड़ा डंप किए जाने पर नोटिस जारी किया गया। क्षेत्रीय लोगों द्वारा नगर निगम को अवगत कराया गया कि खोड़ा नगर पालिका परिषद द्वारा नगर निगम गाजियाबाद द्वारा स्थापित नंदी पार्क के आसपास कूड़ा डंप किया जा रहा है। जिससे हिंडन नदी के किनारा कूड़ा डंप करने से ना केवल पर्यावरण दूषित हो रहा है साथ ही दूसरी और हिंडन नदी का जल भी दूषित हो रहा है, जो कि पर्यावरण के लिए खतरा है। लोगों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त की ओर से खोड़ा पालिका के अधिशासी अधिकारी को नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही मौके पर कूड़ा डंप कर रहे जेसीबी मशीन को भी सीज किया गया। उक्त स्थल पर वर्तमान में किसी प्रकार का कूड़ा डंप नहीं किए जाने की नगर निगम ने चेतावनी दी। नगर निगम ने भी आश्वत किया कि ऐसे किसी स्थान पर भी कूड़ा डंप नहीं किया जाएगा, जिससे पर्यावरण को हानि पहुंचे।
वहीं खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) केके मिश्रा का कहना है कि नगर निगम द्वारा जारी किए नोटिस की जानकारी नही है। खोड़ा का कूड़ा डंप करने के लिए प्राइवेट कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी कर्मचारियों द्वारा हिंडन नदी के पास कूड़ा फेंका जाना कतई उचित नही है। मामले की पूरी जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा स्वच्छता के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है।