गाजियाबाद में जेपी नड्डा भाजपा कार्यकर्ताओं को देंगे चुनावी मंत्र

चुनाव की तैयारी, पन्ना प्रमुख बनाने की प्रक्रिया की प्रगति की होगी समीक्षा  

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज मोहननगर में पश्चिमी क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जहां चुनावी बिगुल फूंकेंगे। वहीं, 100 करोड़ भारतवासियों को कोरोनारोधी टीका लगने के अवसर पर वह धन्यवाद कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आएंगे। इसमें पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी आएंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को पुख्ता कराया।

आज यानि कि गुरूवार को सुबह साढ़े 10 बजे जेपी नड्डा इंदिरापुरम स्थित कैलास मानसरोवर भवन में पहुंचेंगे, इनके स्वागत के बाद वह टीकाकरण केंद्र का कामकाज देखेंगे। इसके बाद मोहन नगर स्थित आईटीएस कालेज में धन्यवाद सभा को संबोधित करेंगे, इस कार्यक्रम में लगभग 1000 हजार लोग मौजूद रहेंगे। इसके बाद जेपी नड्डा क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में पश्चिम के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष भी इसमें शामिल होंगे।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम को लेकर बुधवार को ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम में पश्चिमी यूपी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक में पश्चिम क्षेत्र के सभी जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की यह बैठक होगी। चुनाव की तैयारियों खासकर पन्ना प्रमुख बनाने की प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि आज सुबह 11 बजे कौशांबी में पैसेफिक मॉल के सामने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत किया जाएगा। आईटीएस कॉलेज में होने वाली बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी शामिल होंगे। इंदिरापुरम स्थित कैलास मानसरोवर भवन पहुंचेंगे, वहां कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर का जायजा लेंगे।