सड़कों की बदहाल स्थिति से हलकान है क्षेत्रीय ग्रामीण

उदय भूमि ब्यूरो
धौलाना।
साठा चौरासी क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति से हलकान ग्रामीणों के लिए सड़कों में बने गहरे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। आए दिन सड़क हादसों में चोटिल लोगों के परिजनों का कहना है कि सरकार का सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान गड्ढे में चला गया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने क्षति ग्रस्त सड़कों से होने वाली समस्याओ को प्रमुखता से उठाते हुए सड़क निर्माण की मांग की है। जनपद हापुड़ और गौतमबुद्धनगर की आखिरी सीमा से सटे हुए गांव ऊंचा अमीरपुर मार्ग का 12 सौ मीटर हिस्सा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त है। इससे इस रूट पर चलने वाहनो का आए दिन खराब होना या दुर्घटना ग्रस्त हो जाना अब आम बात है। जर्जर हो चुकी क्षति ग्रस्त सड़क की दूरी मात्र एक किलोमीटर है लेकिन दूरी तय करने में पसीने छूट जाते हैं। सड़क की स्थिति को सुधारने के लिए जनप्रतिनिधियो की उदासीनता देखते ही बनती है। ग्रामीण ब्रजराज सिंह ने बताया कि सासंद महेश शर्मा व विधायक तेजपाल सिंह नागर से इस संबंध में ग्रामीण सडक निर्माण की मांग उठा चुके हैं। समाना-जारचा मार्ग की बदहाल स्थिति देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां से गुजरने वाले वाहन और नागरिकों को किन परिस्थितियों में गुजरना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों को अक्सर गढ्ढे युक्त सड़कों में गिर कर चोटिल होना पड़ता है।

समाना-दादरी मार्ग का जब वर्षों पूर्व निर्माण हुआ तब कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ और मरम्मत के बाद ही सड़क उखडऩे लगी थी। यहां से गुजरना दर्द भरा होता है। मार्ग से पैदल गुजरना भी मुश्किल है। मसूरी-धौलाना मार्ग स्थित पिपलैडा गांव की मुख्य सड़क टूटे होने से ग्रामीणों को जूूूझना पड रहा है। नाराज ग्रामीणों द्वारा खराब पड़ी सड़क को बनवाने की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार प्रशासन के अधिकारियों को लिखित में समस्या से अवगत कराया जा चुका है। गांव देहरा में बदहाल सडक में गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। दोपहिया वाहन आए दिन फिसलने से लोग चुटैल होते रहते हैं। जनपद की यह महत्वपूर्ण सड़क अभी भी जर्जर और गड्ढा युक्त रह गई हैं। ग्रामीण गफ्फार चौधरी कहते हैं कि सरकार की घोषणा के बाद भी विभागीय अधिकारियों ने निर्धारित समय के अंतिम दिन भी इस मार्ग के गड्ढो की विभाग ने सुध-बुध तक नही ली। इस मार्ग की जर्जर हालत का यह आलम है कि वाहन चालक यहां गम्भीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। सडक दुर्घटना के चलते कई जानलेवा हादसों ने क्षेत्र में कई घरों के चिराग बुझा दिए। गांव का मुख्य मार्ग क्षति ग्रस्त होने से स्थानीय ही नही क्षेत्रीय ग्रामीण भी मुसीवत से जूझ कर सामना कर रहे हैं। इस सड़क से हजारों की तादाद में ओवरलोड वाहनों का आना जाना लगा रहता है। जिसके चलते सड़क में गहरे गड्ढे हो चुके है। इस मार्ग से राहगीरों का पैदल चलना तो दूर दुपहिया वाहन चालको को भी निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मसूरी-गुलावठी मार्ग स्थित देहरा में सड़क को गड्ढा मुक्त करने के लिए दिए गए आदेश का अधिकारी पालन नहीं करने से ग्रामीण आक्रोश में दिखते है। करनपुर जट्ट,बासतपुर, सपनावत, भटियाना गांवों की स्थिति भी जीर्ण शीर्ण अवस्था में हो जाने के कारण दयनीय है।
अधिकारी कथन

तहसील धौलाना के उप जिलाधिकारी अश्विनी कुमार द्विवेदी का कहना है कि उनके संज्ञान में तहसील के अंतर्गत आने वाली कुछ सड़कों के टूटे जाने की जानकारी आई है। शीघ्र ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा समस्या का समाधान जल्द ही हो जाएगा।