दीपावली मेले के लिए पार्षद को नगर निगम का न्यौता

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा कविनगर रामलीला मैदान में 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक दीपावली मेला एवं पीएम स्व-निधि महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके मद्देनजर अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने बुधवार को पार्षद मनोज गोयल को इस कार्यक्रम में आने के लिए आमंत्रित किया। इस पर पार्षद मनोज गोयल ने मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह नगर निगम की एक अच्छी पहल है। दीपावली के अवसर पर ऐसे आयोजन करने से इन लोगों का सम्मान बढ़ेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जो पहल पथ विक्रेताओं की मदद के लिए की गई है, उससे उनका भी उत्साह और बढ़ेगा। उनके रोजगार में भी बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर जोनल प्रभारी सुनील राय, सुधीर शर्मा सहित निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे।