-जनसभा में दस हजार से अधिक कुर्सियों की होगी व्यवस्था
– सीओ ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया
गढ़मुक्तेश्वर। भाजपा की जन विश्वास यात्रा के दौरान नगर के घोड़ा फार्म हाउस में 28 दिसंबर को होने वाली जनसभा की तैयारियां जाेरों पर की जा रही है। जनसभा की तैयारियों की पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। इसमें 28 फुट चौड़ा, 56 फुट लंबा व आठ फुट ऊंचा मंच तैयार किया जाएगा। लोगों के बैठने के लिए 10 हजार से अधिक कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। यात्रा 28 दिसंबर की सुबह को जनपद आएगी। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। उसके बाद यात्रा नगर के घोड़ा फार्म हाउस पहुंचेगी। उसके बाद विशाल जनसभा होगी। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई बड़े नेता के सम्मिलित होने की संभावना है। जनसभा समापन के बाद यात्रा अमरोहा के लिए प्रस्थान करेगी। जनसभा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को सीओ पवन कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह गुर्जर ने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। वहीं भाजपा के पदाधिकारी जन विश्वास यात्रा को सफल बनाने में जुट गए हैं। शहर से लेकर देहात तक यात्रा की तैयारी चल रही है। नगर तोरणद्वार बनाए जाएंगे। फूलों की बारिश से यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। रोड शो में केंद्रीय नेता के आने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा, उपाध्यक्ष राजेश पंडित, अंकुर सिरोही ने कहा कि जन विश्वास यात्रा सरकार के प्रति जन-जन में विश्वास जगाने का काम करेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार ने जो एतिहासिक कार्य किए हैं, उन्हें जनता के बीच में रखा जाएगा। यात्रा को लेकर जनता में अपार उत्साह है। विगत वर्षों में केंद्र सरकार ने देश के हित में तमाम कदम उठाए। धारा 370, 35ए हटाए गए। राम मंदिर का निर्माण कराया गया। तीन तलाक पर रोक लगाई गई। ये ऐसे मामले थे, जिससे देश के लोगों की भावना जुड़ी हुई थी। राम मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने 500 साल से आस लगाए रखी थी, उसे मोदी सरकार ने पूरा करने का काम किया। योगी सरकार में कानून-व्यवस्था ठीक हुई है। अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। तमाम अपराधियों को जेल में डाला गया। बेहिसाब संपत्ति खाली कराई गई। आज तक इतिहास में सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इतनी बड़ी कार्रवाई नहीं हुई, जितनी भाजपा की सरकार में हुई है। इसलिए पूरे प्रदेश में भाजपा के प्रति लोगों के अंदर विश्वास जगा है। जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्र में भी यात्रा को लेकर लोगों में खूब उत्साह है। यात्रा का जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा। लोगों में खूब उत्साह है। भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा की पार्टी है, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश के प्रति समर्पित है। इसलिए भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए देश सर्पोपरि है। यात्रा के माध्यम से हम सभी जनता को यह बताने की कोशिश करेंगे कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार जरूरी है। तभी देश और प्रदेश सुरक्षित रह सकता है।















