गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव-2022 का आगाज होने के बाद जनपद में अब पहले चरण में जिले में 10 फरवरी को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन-पुलिस ने सख्ती करना शुरू कर दिया है। मतदान से पहले नामांकन पत्र जमा किए जा रहे है।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए नामांकन पत्र जमा करने की अपील है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि प्रत्याशी के साथ सिर्फ 2 प्रस्तावक ही अपना नामांकन पत्र जमा करने के लिए कलेक्ट्रेट में न्यायालय कक्ष में पहुंचे। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा किए जा रहे है। नामांकन पत्र खरीदने एवं नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए पूरी व्यवस्था कराई गई है। 21 जनवरी तक नामांकन पत्र जमा होंगे। उसके बाद 27 जनवरी को प्रत्याशी अपने नाम वापिस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करने के लिए बैठक की जा चुुकी है। आचार संहिता का सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अनुपालन करना सुनिश्चित करते हुए नामांकन पत्र दाखिल करें। वहीं,जिले में 10 फरवरी को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। अगर चुनाव में किसी भी प्रत्याशी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा गड़बड़ी की गई तो उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। चुनाव में गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।















