गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव-2022 के लिए भाजपा के बाद राष्ट्रीय लोकदल-सपा गठबंधन के प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुुन्नी को मुरादनगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया। सुरेंद्र मुन्नी सपा नेता है। मगर रालोद के सिंबल पर यह मुरादनगर सीट पर चुनाव लड़ेंगे। लगभग सभी राजनैतिक दलों ने अपने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी हैं। शनिवार दोपहर में भाजपा की प्रथम सूची जारी होने के बाद जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर सिटिंग विधायक पुराने पर दांव खेला गया। वहीं, शनिवार शाम होते होते रालोद सपा के संयुक्त प्रत्याशी मुरादनगर सीट से पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी के नाम की भी घोषणा भी कर दी गई। सुरेंद्र मुन्नी को मुरादनगर सीट से बतौर प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्हें बधाई देने के लिए मालीवाड़ा स्थित आवास पर बधाईयां देने वालों का तांता लग गया। सुरेंद्र मुन्नी रालोद के सिंबल पर यह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मेरा जीवन जनता की सेवा करने के लिए है। कहा कि रालोद-सपा के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वह जनता के बीच जाएंगे। जनता को भरोसा दिलाने का काम करूंगा कि वह उनकी समस्याओं का निस्तारण कर सकते हैं। पिछले 43 साल के राजनीतिक कार्यकाल में वह निरंतर जनता की सेवा कर रहे हैं। दोनों दलों के नेताओं ने जो भरोसा किया है उसे पूरा करने का काम किया जाएगा। मुरादनगर से सीट जीताकर देना ही अब उनका प्रथम लक्ष्य है।
कांग्रेस छोड़ सपा में पीएन गर्ग हुए शामिल:
गाजियाबाद शहर सीट से टिकट की दावेदारी करने वाले कांग्रेसी नेता पीएन गर्ग ने शनिवार को कांग्रेस का दामन छोड़ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। आरडीसी स्थित पत्रकार वार्ता में सपा के जिलाध्यक्ष राशिद मलिक एवं महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने पीएन गर्ग के सपा में शामिल होने की घोषणा करते हुए उनका फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर पीएन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस में उन्होंने लंबे समय तक राजनीति की लेकिन यहां पर पुराने कार्यकर्ताओं की अनेदखी की जा रही है। पुराने ढर्रें पर ही कांग्रेस आज भी चल रही है। एक परिवार को ही बार बार टिकट देकर कांग्रेस पार्टी अन्य नेताओं की अनदेखी कर रही है जिसके चलते उन्होंने कांग्रेस छोडऩे का मन बनाया। पीएन गर्ग लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह कांग्रेस के प्रदेश सचिव आदि पदों पर रहे हैं और अबकी बार विधानसभा चुनाव के लिए पीएन गर्ग ने शहर गाजियाबाद सीट से दावेदारी की थी। उनकी दावेदारी को मजबूत माना जा रहा था लेकिन पिछले दिनों कांग्रेस आलाकमान ने शहर गाजियाबाद सीट से पूर्व सांसद स्वर्गीय सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र सुशांत गोयल को सीट से प्रत्याशी घोषित किया। प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद शनिवार को टिकट के दावेदार पीएन गर्ग ने कांग्रेस का दामन छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। वहीं,सपा नेता मनमोहन गामा ने सपा को अलविदा कर दिया। उन्होंने टिकट नहीं दिए जाने और उपेक्षा होने के चलते सपा को अलविदा करते हुए पार्टी छोड़ दी।
















