दूसरे दिन सिर्फ एक नामांकन, 5 सीट के लिए 40 प्रपत्रों की बिक्री हुई
गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी एवं राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन के उम्मीदवार अमरपाल शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने साहिबाबाद सीट से ताल ठोंकी है। इसके साथ नामांकन का खाता भी खुल गया। दूसरे दिन एकमात्र पर्चा सपा-रालोद प्रत्याशी की तरफ से भरा गया। अन्य दलों का कोई प्रत्याशी नामांकन करने नहीं पहुंचा। जबकि पांचों विधान सभा क्षेत्र के लिए 40 प्रपत्र खरीदे गए।
ऐसे में जिला मुख्यालय परिसर में सुरक्षा प्रबंध बेहद कड़े रहे। गाजियाबाद जिले में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही है। चुनाव के चलते शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई थी। पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था। शनिवार को नामांकन का खाता खुल गया। शनिवार को सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा ने नामांकन किया।
अमरपाल के अलावा कोई अन्य प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने नहीं पहुंचा। प्रत्याशी अमरपाल शर्मा एवं 2 प्रस्तावकों को ही कक्ष में प्रवेश दिया गया। साहिबाबाद विधानसभा सीट के लिए एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह एवं तहसीलदार विजय कुमार मिश्रा के समक्ष कोर्ट संख्या-128 में सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा ने नामांकन पत्र जमा किया।
40 नामांकन पत्र खरीदे गए
विधानसभा वार प्रत्याशियों के लिए दोपहर तीन बजे तक कुल 40 नामांकन पत्र खरीदे गए। इनमें लोनी विधानसभा क्षेत्र में 5 प्रत्याशियों ने सात प्रपत्र खरीदे हैं।जबकि मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से 9 प्रत्याशियों ने 9 पर्चे खरीदें हैं। लेकिन इनमें से किसी भी प्रत्याशी ने अपना आवेदन जमा नहीं किया है। साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र से 6 प्रत्याशियों ने प्रपत्र खरीदे हैं, लेकिन किसी ने अभी तक अपना नामांकन जमा नहीं किया है। गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र से छह प्रत्याशियों ने 9 प्रपत्र खरीदे हैं, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने आवेदन पत्र जमा नहीं किया है। मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र में 8 प्रत्याशियों ने 9 प्रपत्र खरीदे हैं और किसी ने नामांकन जमा नहीं किया है। सोमवार को प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने की संख्या बढ़ सकती है। रविवार आज छुट्टी होने के चलते नामांकन पत्र दाखिल नहीं होंगे। ऐसे में भीड़ बढऩे की उम्मीद है।
21 जनवरी तक नामांकन
कलेक्ट्रेट में न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल होने की प्रक्रिया 21 जनवरी तक चलेगी। नामांकन प्रक्रिया के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।वहीं, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन लगाने के साथ ही एंट्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कक्ष तक हो पाएगी। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशी कलक्ट्रेट में बनाए केंद्र पर अपने नामांकन दाखिल करेंगे। प्रत्येक नामांकन कक्ष में दो-दो और गलियारे में चार कैमरे हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। जिले में 10 फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है। इस बार कोरोना प्रोटोकाल के तहत प्रत्येक प्रत्याशी के साथ सिर्फ 2 ही प्रस्तावक अंदर कक्ष में जा सकेंगे। एक प्रत्याशी के बाहर जाने के बाद ही दूसरे प्रत्याशी को अंदर प्रवेश मिलेगा। प्रत्येक कक्ष में एक वीडियोग्राफर भी रहेगा,जो पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करेगा। बाहर परिसर में चार वीडियोग्राफर रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था और कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखकर तीन स्तर पर बैरिकेडिंग की गई हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 21 जनवरी तक होगी।
















