योगी राज में पुलिस के बड़े अधिकारी को इंस्पेक्टर से जान का खतरा


क्या गाजियाबाद में भी होगा कानपुर का बिकरू कांड: इंस्पेक्टर से जान बचाने की सीओ ने लगाई गुहार, ऑडियो जारी कर कहा लोनी का पुलिस इंस्पेक्टर है वदीर्धारी माफिया, गाजियाबाद के एसएसपी नहीं सुन रहे फरियाद, लोनी सर्किल के पूर्व क्षेत्राधिकारी ने लगाया एसएचओ पर गंभीर आरोप

गाजियाबाद। लोनी सर्किल के पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय ने एसएचओ लोनी बिजेंद्र भड़ाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पांडेय ने सोशल मीडिया पर अपनी वॉइस क्लिप वायरल कर एसएचओ पर सनसनीखेज आरोप मढ़े हैं। सीओ ने योशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में एसएचओ को रेपिस्ट बताया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एसएचओ ने जीडी में फर्जी एंट्री कर उन्हें भी जेल भेजने की धमकी दी। सीओ ने एसएचओ द्वारा प्रताडि़त की गई एक महिला का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है। सीओ ने एसएचओ को वर्दीधारी माफिया बताकर अपनी जान की गुहार लगाई है। सीओ का कहना है कि उन्होंने गाजियाबाद एसएसपी से कई बार संपर्क किया, मगर उन्होंने भी कोई मदद नहीं की। पुलिस क्षेत्राधिकारियों राजकुमार पांडेय का तबादला पिछले दिनों गाजियाबाद से महोबा हो गया था। सीओ राजकुमार पांडेय का कहना है कि वह कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद से गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने एक महिला का वीडियो वायरल किया है, जिसमें महिला एसएचओ भड़ाना पर आरोप लगा रही है। महिला का आरोप है कि उसके दो लाख रुपये हड़पने वाले शख्स के खिलाफ जब वह एसएचओ बिजेंद्र भड़ाना से शिकायत करने गई तो उन्होंने शिकायत दर्ज करने के बजाय उसके साथ जबरदस्ती की। उधर, एसएचओ बिजेंद्र भड़ाना ने बताया कि सीओ राजकुमार पांडेय को लगता है कि मैंने उनका ट्रांसफर कराया है, जबकि ऐसा कोई मामला नहीं है। वह तीन दिन पहले थाने में आए थे और हंगामा कर मुझ पर ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया था। पूरा हंगामा थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है और जो महिला वीडियो जारी कर उन पर जबरदस्ती का आरोप लगा रही है, वह भी क्षेत्राधिकारी का उन्हें फंसाने का षड्यंत्र है। वर्तमान में सीओ महोबा राजकुमार पाण्डेय ने कहा कि लोनी एसएचओ बिजेंद्र भड़ाना का व्यवहार महिलाओं के प्रति ठीक नहीं है। हमेशा उसने महिलाओं का शोषण किया है। जिसका मैंने वहां सीओ रहकर भी लगातार विरोध किया। इस पर कोतवाल ने एसएसपी से डीओ लैटर लिखवा कर मेरा ट्रांसफर करा दिया। वह 3 दिन पूर्व लोनी कोतवाली में अपने कर्मचारियों से मिलने गए थे। जिस पर बिजेंद्र भड़ाना ने उनके साथ अभद्रता की और दोबारा थाने में न आने की धमकी दी। लोनी कोतवाली में गैरकानूनी धंधे करने वालों को एसएचओ का पूरा संरक्षण प्राप्त है। वह मुझे जेल में भेजने की धमकी दे रहे हैं। उधर, सीओ क्राइम आलोक दुबे ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार पांडेय द्वारा सोशल मीडिया पर कुछ वॉइस क्लिप वायरल की गई हैं। इस संबंध में उन्हें जांच सौंपी गई है। राजकुमार पांडेय द्वारा अभी तक लिखित में कोई शिकायत नहीं दी गई है। तीन साल पूरे होने के चलते रूटीन में उनका ट्रांसफर हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को भेजी जाएगी।