मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह संभालेंगे ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त चार्ज

ग्रेटर नोएडा। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुरेंद्र सिंह बुधवार को ग्रेटर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लेंगे। उप्र शासन ने मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेंद्र सिंह को ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ की जि मेदारी भी सौंपी है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण का स्थानांतरण हो चुका है। शासन ने मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में उपाध्यक्ष (वीसी) का कार्यकाल पूरा होने के बाद मंडलायुक्त को वीसी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया था। बता दें कि ग्रेनो प्राधिकरण इन दिनों महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर काम कर रहा है। जनहित से जुड़ी इन योजनाओं में देरी न हो सके, इसके चलते नए सीईओ की तैनाती होने तक मंडलायुक्त को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वर्ष 2005 बैच के आईएएस अफसर
भारतीय प्रशासनिक सेवा में वर्ष 2005 बैच के अफसर सुरेंद्र सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के निवासी हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा में अपने करियर की शुरुआत मेरठ से की थी। बतौर प्रशिक्षु आईएएस उन्हें मेरठ में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट तैनात किया गया था। जिसके बाद वह अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व आगरा के मुख्य विकास अधिकारी बनाए गए थे। सुरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी पारी की शुरुआत भदोही जिले से की थी। इसके बाद बलरामपुर, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर और शामली के जिलाधिकारी रह चुके हैं। सुरेंद्र सिंह मुजफ्फरनगर और शामली के एक साथ जिलाधिकारी रहे थे।