नामचीन कंपनी के कर्मचारी की देश विरोधी करतूत
मुंबई। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने पर हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह भारतीय लड़ाकू विमानों और कंपनी की गुप्त जानकारी आईएसआई से शेयर करता था। इसके एवज में उसे मोटी रकम मिलती थी। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) भारत के खिलाफ हमेशा कोई न कोई षडयंत्र रचती रहती थी। इसके लिए वह भारत में अपने जासूस तैयार करने से भी बाज नहीं आ रही। आईएसआई की नई साजिश से पर्दा उठा है। इससे खुफिया एजेंसियां एकाएक सकते में आ गई हैं। महाराष्ट्र पुलिस ने हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) नासिक के कर्मचारी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह भारतीय लड़ाकू विमानों और कंपनी से जुड़ी गुप्त सूचनाएं आईएसआई के साथ शेयर कर रहा था। एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) ने यह जानकारी दी। भाषा की खबर के अनुसार महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार दीपक भारतीय लड़ाकू विमान और उसकी विनिर्माण इकाई संबंधी खुफिया जानकारी पाक की खुफिया एजेंसी आईएसआई को दे रहा था। आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की नासिक इकाई को आरोपी के विषय में भरोसेमंद खुफिया जानकारी मिली थी। आरोपी कर्मचारी दीपक निरंतर आईएसआई के संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि आरोपी भारतीय लड़ाकू विमानों और उसकी संवेदनशील विस्तृत जानकारी संबंधी खुफिया सूचना के अलावा नासिक स्थित ओझर में एचएएल विमान विनिर्माण इकाई, वायुसेना अड्डे और विनिर्माण इकाई में प्रतिबंधित क्षेत्र संबंधी जानकारी दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ चल रही है। खुफिया एजेंसियों को कुछ और महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगने की उम्मीद है।















