कांवड़ यात्रा में पुलिस का ‘सुरक्षा कवच’, डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने मौके पर संभाला मोर्चा

-मोदीनगर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर पुलिस उपायुक्त ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखा
-पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे सुरेंद्र नाथ तिवारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
-संभ्रांत नागरिकों के साथ कांवडिय़ों का पुष्पवर्षा से स्वागत, गूंजे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने शनिवार को मोदीनगर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का मौके पर निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा, थाना प्रभारी मोदीनगर और पुलिस बल के साथ मार्ग पर व्यवस्थाओं को परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद संभ्रांत नागरिकों के साथ मिलकर शिवभक्तों और कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों को परखा। उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ मार्ग पर पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।

उनकी कार्यशैली में मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी और अधीनस्थ अधिकारियों से सीधे संवाद पर विशेष जोर दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। निरीक्षण के बाद सुरेंद्र नाथ तिवारी ने संभ्रांत व्यक्तियों और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों और कांवडिय़ों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। फूलों की वर्षा के बीच ‘हर हर महादेवÓ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। पुलिस अधिकारियों की ओर से किए गए स्वागत से कांवडिय़ों में भी उत्साह देखने को मिला। सुरेंद्र नाथ तिवारी ने शिवभक्तों की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी श्रद्धालु अनुशासन और संयम के साथ यात्रा पूरी करें।

पुलिस की ओर से सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त ग्रामीण द्वारा कांवडिय़ों के स्वागत और व्यवस्थाओं की निगरानी के दौरान शिवभक्तों ने उन्हें तुलसी का पौधा भेंट किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और श्रद्धालुओं के बीच आत्मीयता का भाव देखने को मिला। तुलसी का पौधा भेंट किए जाने को श्रद्धालुओं ने प्रकृति और धार्मिक आस्था से जुड़ा संदेश बताया। कांवड़ यात्रा मार्ग के निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर, थाना प्रभारी मोदीनगर सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। पुलिस की सक्रिय निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी।