1500 की बजाए सिर्फ 200 रुपए में होगा रजिस्ट्रेशन, ऑनलाइन भी शुल्क जमा करने की सुविधा
गाजियाबाद। नगर निगम ने पालतु कुत्तों का पंजीकरण शुल्क बेहद कम कर दिया है। अत्यधिक शुल्क होने के कारण पालतु कुत्तों का पंजीकरण कराने में लोग दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे। इसके चलते विभाग को पूर्व के निर्णय में बदलाव करना पड़ा है। पंजीकरण शुल्क 1500 रुपए से घटाकर महज 200 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा रजिस्टेशन नवीनीकरण के लिए भी प्रतिवर्ष 500 की बजाए 100 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। पंजीकरण शुल्क में कमी करने के संबंध में नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी प्रस्ताव पास किया गया था। साथ विभिन्न राज्यों में भी कुत्ता पंजीकरण शुल्क काफी कम है। नगर निगम सीमा क्षेत्र में पालतु कुत्ता पालने वालों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम ने कुत्तों का पंजीकरण शुल्क घटा दिया है।
ज्यादा शुल्क के कारण रजिस्ट्रेशन नहीं
ऐसे में कुत्ता पालन अब महंगा नहीं रहा है। सिर्फ 200 रुपए जमा कराकर अब पालतु कुत्ते का पंजीकरण करा सकते हैं। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पालतु कुत्तों के पंजीकरण का शुल्क 1500 रुपए से घटाकर मात्र 200 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण के लिए भी अब 500 रुपए की बजाय सिर्फ 100 रुपए प्रतिवर्ष शुल्क जमा करना होगा। नगर निगम ने पिछले साल शहर में पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया था, मगर बहुत कम संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराए। पंजीकरण कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन सेवा शुरू की गई थी। नगर निगम ने पंजीकरण का पहले शुल्क 1000 रुपए तय किया था। एक साल बीतने के बाद मई 2022 में नए पंजीकरण का शुल्क बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया था।
नवीनीकरण कराना भी काफी सस्ता
31 मार्च 2022 तक पंजीकरण न कराने पर 50 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना वसूलने का भी निर्णय लिया गया था। शुल्क ज्यादा होने और पंजीकरण कराने में लोगों की दिलचस्पी न होने पर नगर निगम के अधिकारियों ने आस-पास के अन्य शहरों और राज्यों में तय पंजीकरण शुल्क की जानकारी कराई। इन शहरों में कुत्ता पंजीकरण शुल्क महज 75 से 1200 रुपए तक है। ऐसे में पंजीकरण शुल्क 1500 से घटाकर 200 रुपए कर दिया गया है। गत 7 जून को संपन्न नगर निगम की बोर्ड बैठक में पंजीकरण शुल्क कम करने संबंधी प्रस्ताव पास किया गया था।

ऐसे करें ऑनलाइन पंजीकरण
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पशु प्रेमी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए गूगल प्ले स्टोर सर्च बार में गाजियाबाद नगर निगम पीईटी रजिस्ट्रेशन दर्ज कर संबंधित ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद ऐप के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण शुल्क भी ऑनलाइन जमा करा सकेंगे। अगर कुत्तों के पंजीकरण कराने में कोई दिक्कत आती है तो वह नगर निगम के फोन नंबर-7827459535, 8178016949 पर संपर्क कर समाधान करा सकते हैं। उधर, विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि पंजीकरण शुल्क कम किए जाने से लोग पालतु कुत्तों का पंजीकरण कराने के लिए आगे आएंगे। इससे राजस्व आय में भी वृद्धि हो सकेगी।















