अनोखी पहल: बीएसए ने बच्चों संग जमीन पर बैठकर खाया मिड डे मील

-भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: विनोद मिश्रा

गाजियाबाद। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को दोपहर के समय दिए जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विनोद मिश्रा कितना गंभीर हैं। इसका अंदाजा इसी बता से लगाया जा सकता है कि बच्चों को किस प्रकार का भोजन दिया जा रहा है, इसकी जांच के लिए बीएसए विनोद मिश्रा खुद स्कूलों में पहुंचकर गुणवत्ता जांच रहे हैं। गुरुवार को निरीक्षण के लिए रजापुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय इकला में पहुंचे तो भोजन अवकाश हो चुका था। विद्यालय में बच्चों के साथ लाइन में लगकर भोजन लिया और फिर बच्चों के साथ नीचे बैठकर खाना खाया।

बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में बच्चों को दोपहर के समय मिड डे मील दिया जाता है। इसकी गुणवत्ता परखने के लिए शासन ने अफसरों को निर्देश दे रखे हैं। समय-समय पर बीएसए निरीक्षण कर मिड डे मील की गुणवत्ता को देख रहे हैं। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर स्वयं भी मिड डे मील का आनंद लिया तथा भोजन की गुणवत्ता की सराहना करते हुए रसोइए एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि इसी प्रकार अच्छी गुणवत्ता एवं मेनू के अनुसार बच्चों को प्रतिदिन मिड डे मील दिया जाए।

भोजन खाने के साथ वह बच्चों से प्रत्येक दिन मिड डे मील बनने के बारे में जानकारी लेते रहे और शैक्षणिक गुणवत्ता कैसी है इसके बारे में भी पूछा। बीएसए ने बताया कि स्कूल में मिड डे मील की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्टाफ को निर्देश दिए हैं, हालांकि निरीक्षण के दौरान सब कुछ ठीक मिला, बच्चों को बेहतर भोजन देने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमतौर में देखा जाता है कि अधिकारी भोजन की गुणवत्ता को लेकर हमेशा निर्देश देते है, मगर उसकी गुणवत्ता जांचने के लिए खुद नहीं नीचे कर्मचारियों को भेज देते है। मगर जब बीएसए ने खुद खाना खाकर भोजन की गुणवत्ता देखी तो उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। जिसे देखकर उनके कार्यों की सभी ने प्रशंसा की।