-सड़क, पार्क और ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल समेत चार प्रमुख विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ, नारियल फोड़कर किया भूमि पूजन
– विजय नगर को पिछड़ा नहीं, विकसित क्षेत्र बनाना है लक्ष्य; अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश: महापौर
-करीब 60 करोड़ की विकास योजनाओं से बदलेगी विजय नगर की तस्वीर, पहले कभी नहीं हुआ इतना व्यापक विकास: विधायक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विजय नगर क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा ने मंगलवार को करीब 1 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से होने वाले चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में सड़क निर्माण, पार्क के सौंदर्यीकरण तथा ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद विजय नगर क्षेत्र की आधारभूत संरचना पहले से अधिक सुदृढ़ होगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी। शिलान्यास के तहत वार्ड-14 के सर्वोदय नगर स्थित ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल का निर्माण, वार्ड-15 में संतोष के बराबर स्थित ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री वॉल का निर्माण, शास्त्री पार्क के विकास कार्य तथा वार्ड-35 अकबरपुर बेहरामपुर में गली नंबर-5 से दीपक पब्लिक स्कूल होते हुए हनुमान मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 1.26 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि उनके कार्यकाल में विजय नगर को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि महापौर पद की शपथ लेने के बाद जब उन्होंने विजय नगर क्षेत्र का दौरा किया तो यहां की आवश्यकताओं और समस्याओं को गंभीरता से महसूस किया। इसी के बाद यह तय किया गया कि इस क्षेत्र के लोगों को भी शहर के अन्य हिस्सों की तरह बेहतर सड़कें, पार्क, हरित क्षेत्र और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा विजय नगर क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से शिलान्यास और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। महापौर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से बनने वाले प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के पूरा होने के बाद विजय नगर की दिशा और दशा दोनों में व्यापक बदलाव दिखाई देगा।
विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि विजय नगर में जितना व्यापक विकास वर्तमान महापौर के कार्यकाल में हो रहा है, वैसा पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि तिगरी गोल चक्कर सहित कई स्थानों का कायाकल्प इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। पहले जहां इन क्षेत्रों की स्थिति बदहाल थी, वहीं आज नगर निगम की योजनाओं के कारण क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यह श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी और जनता को आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी विकास कार्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान अब तेजी से होगा। कार्यक्रम में पार्षद ओम प्रकाश ओड़, पार्षद भागवत गुप्ता, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मंडल अध्यक्ष महीम गुप्ता, पूर्व पार्षद चंपा माहौर, देवेंद्र पाल, सतेंद्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी और विजय नगर को शहर के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करने के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे।















