गजब : बंदर के चक्कर में हवालात पहुंचे विधायक !

आचार संहिता का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार

पटना। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता कन्हैया कुमार को बंदर बताना और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करना विधायक एवं जनता दल यूनाईटेड के प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ बोगो सिंह को महंगा पड़ गया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 4 घंटे हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने उन्हें जमानत पर छोड़ दिया। बिहार में विधान सभा चुनाव की सरगर्मी जोरों पर चल रही हैं। ऐसे में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर खूब छींटाकशी कर रहे हैं। ऐसे में आचार संहिता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। मौजूदा विधायक एवं जदयू प्रत्याशी बोगो सिंह ने जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को बंदर कहा था। इसके बाद उन्हें आलोचना का शिकार होना पड़ा था। जमानत मिलने के बाद बोगो सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार की रात उन्हें जानकारी मिली थी कि लोजपा प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा मटिहानी विधान सभा क्षेत्र के कुछ गांवों में उनके समर्थकों के साथ गाली-गलौच की गई है। उन पर वोट बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर वह विभिन्न स्थानों पर निकले और जब वह वापस लौट कर अपने घर आ रहे थे तभी बदलपुरा बांध के समीप जिला प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। बोगो सिंह का कहना है कि उनके पास 3 वाहन थे। इसलिए आचार संहिता उल्लंघन के मामले में विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधायक सिंह ने सफाई दी कि वह कानून का सम्मान करते हैं, इसलिए प्रशासन को सहयोग करने के लिए वह थाने चले आए और कानूनी प्रक्रिया के तहत जमानत मिलने के बाद वापस आ गए। उधर, पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा-188 के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।