अमेरिका : विभिन्न शहरों में हिंसा, माहौल बिगड़ा

राष्ट्रपति चुनाव की काउंटिंग के बीच बवाल

वाशिंगटन। अमेरिका में आखिरकार जिसकी आशंका थी, वहीं होने लगा है। राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना के बीच विभिन्न शहरों में विरोध-प्रदर्शन और हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को हालात पर नियंत्रण पाने के लिए पूरी मुस्तैदी बरतनी पड़ रही है। सुरक्षा बलों के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प हो रही है। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे अंतिम दौर में पहुंच गए हैं। अब तक के नतीजों से साफ है कि अमेरिका के अगले राष्ट्रपति जो बाइडेन हो सकते हैं। मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपनी कुर्सी बचाना मुश्किल हो रहा है। डेमोक्रेट्स पार्टी के प्रत्याशी जो बाइडेन जीत की तरफ अग्रसर हैं। यदि कोई उलट-फेर नहीं होता तो बाइडेन का अमेरिकी राष्ट्रपति बनना तय है। इस बीच अमेरिका में विभिन्न हिस्सों में माहौल बिगडऩे लगा है। कुछ स्थानों पर हिंसा भी हुई है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार की रात लोअर मैनहट्टन में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भिडं़त हो गई। प्रदर्शनकारियों ने एक स्थान पर आग लगा दी थी। इसके अलावा वाशिंगटन स्क्वायर पार्क में शांतिपूर्ण विरोध के बाद 60 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद टकराव हो गया। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि ओरेगन नेशनल गार्ड को विरोध-प्रदर्शन के बाद पोर्टलैंड शहर में बुलाया गया है। प्रदर्शनकारियों के समूह ने शहर के निचले हिस्से में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बाद दंगा किया। इस दौरान जमकर हिंसा भी हुई। पोर्टलैंड, ओरिलैंड, फिलाडेल्फिया, शिकागो और न्यू यॉर्क में प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शनकारी मतों की गिनती के साथ-साथ अश्वेत आंदोलन और अन्य मुद्दों को भी उठा रहे हैं। बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना का काम चल रहा है। अंतिम नतीजे आने से पहले दोनों प्रमुख दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। डोनाल्ड ट्रंप ने 5 लाख मतों की चोरी होने तक आरोप लगा दिया है। वह मतगणना के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट जाने का ऐलान भी कर चुके हैं।