चुनावी सभा में रक्षा मंत्री का पाकिस्तान पर हमला
पटना। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर पाकिस्तान को दो टूक जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि पड़ोसी मूल्क को यह समझ लेना चाहिए कि पीओके भारत का था और हमेशा भारत का रहेगा। पाकिस्तान को गलत फहमी से बाहर आ जाना चाहिए। बिहार में पूर्णिया के धमदाहा में वीरवार को चुनावी सभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उक्त विचार व्यक्त किए। वह जनता दल (यू) के उम्मीदवार लेसी सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की संसद में भी अब इस बात का उल्लेख हो चुका है कि भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पकड़ लेने के बाद पाक में भारत के प्रति किस तरह का डर और घबराहट थी। पाक सांसद ने कहा था कि यदि हमने अभिनंदन को नहीं छोड़ा तो भारत रात 9 बजे हमला कर देगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ जारी गतिरोध की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश की सेना ने जिस प्रकार से शौर्य एवं पराक्रम का परिचय दिया है, उससे चीन की सेना भी डरी हुई है। ऐसे समय में हमें एकजुट होकर सेना का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ नेता ऐसे हैं, जो भारतीय सेना और बहादुर जवानों के शौर्य का निरंतर तमाशा बना रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वाभिमान की राजनीति होनी चाहिए। जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने जिस प्रकार से आज अपनी पहचान कायम की है, उसने समूची दुनिया को हमारी ताकत का अहसास करा दिया है, मगर राहुल गांधी इसे कभी नहीं मानेंगे। बता दें कि बिहार में विधान सभा चुनाव चल रहे हैं। तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान के लिए आज आखिरी दिन था।
















