7.52 लाख की 148 पेटी शराब बरामद
लखनऊ में सप्लाई के लिए हरियाणा से कर रहे थे शराब की तस्करी
गाजियाबाद। दीपावली त्योहार पर हरियाणा मार्का शराब की अवैध रूप से बिक्री करने के लिए शराब को लखनऊ ले जाते हुए लग्जरी कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली से तस्करी करने वाले चार शराब तस्कर को मसूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 1332 लीटर यानि कि हरियाणा मार्का 148 पेटी अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 7 लाख 52 हजार 400 रुपए हैं। सीओ सदर महिपाल सिंह ने बताया कि मसूरी थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने दारोगा लोगेश कुमार,दारोगा अमित मलिक टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर रविवार की सुबह करीब 11 बजे मसूरी में कौशिक ढाबे के सामने से ट्रैक्टर-टॉली और ब्रेजा कार समेत गिरफ्तार किया गया। मसूरी थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली की सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली और सफेद कलर की ब्रेजा कार में दो-दो लोग सवार है,हरियाणा के पानीपत की तरफ से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे से होते हुए डासना टोल प्लाजा से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर आकर लखनऊ जाने वाले है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और ब्रेजा कार में अवैध शराब की पेटी रखी हुई है। सूचना पर टीम के साथ चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान ब्रेजा कार को चेक किया गया तो उसकी डिग्गी और पिछली सीट से 18 पेटी मैकडवल्स नंबर-1 हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पेटी में 24-24 अध्धे समेत 432 अध्धा बरामद किए गए। कार में सवार प्रवीण पुत्र भूपेंद्र सिंह निवासी गांव शेखपुर तितरी जिला रोहतक और हरदीप पुत्र नरेश कुमार निवासी गांव डोहकी थाना चर्खी दादरी हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। वहीं,कार के पीछे आर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चेक किया गया तो चालक जसवीर पुत्र कपूर सिंह निवासी गांव खुगाई थाना झज्जर हरियाणा और अंकित पुत्र रमेश निवासी गांव खडख़ड़ा थाना मैहम रोहतक को गिरफ्तार किया गया। ट्रॉली में लकड़ी भरी हुई थी। ट्रॉली में लोहे का बॉक्स बनाकर बॉक्स में मैकडवल्स नंबर-1 की तीन पेटी समेत 36 बोतल और 14 पेटी में 336 अध्धे,35 पेटी में कुल 1680 पव्वे अंग्रेजी शराब ऑफिसर च्वाईस ब्लू की 27 पेटी शराब समेत कुल 324 बोतल शराब बरामद की गई। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।
















