– किसानों ने मांग पत्र सौंपकर एसआईटी अध्यक्ष से कसूरवार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। अरबों रुपये की जमीन की लीजबैक को लेकर चल रही एसआईटी (विशेष जांच टीम) जांच में लीक होने के मामले में किसान सोमवार को एसआईटी अध्यक्ष डॉ. अरुणवीर सिंह मिले। लीजबैक मामले से प्रभावित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों ने रिपोर्ट लीक और किसानों को भड़काने के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मांग पत्र में किसानों ने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा के ओएसडी हिमांशु वर्मा, ओएसडी रामनयन सिंह एवं प्राधिकरण के अन्य अधिकारियों ने लीजबैक का लाभ उठाने वाले किसानों के साथ मिलकर पंचायत कर किसानों को भड़काया कि वह अपने मामलों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना प्रदर्शन करें।
किसानों ने बताया कि इन अधिकारियों पर आरोप लगाया कि जांच को लीक करके करोड़ों रुपये की कमाई की है। किसानों ने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी सरकारी गाड़ी में बैठकर गांव पहुंचे और वहां पंचायत की। ग्रामीणों ने मांग कि उकसाने वाले इन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने जांच को लीक करके और किसानों को भड़काकर गंभीर अनियमितताओं को अंजाम दिया है।
















