कोरोना : पीएम के बाद 10 सांसद आइसोलेशन में

ब्रिटेन में कोरोना वायरस की रफ्तार हुई तेज

लंदन। ब्रिटेन में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के बाद अब 10 और सांसद भी आइसोलेशन में चले गए हैं। उधर, पाकिस्तान में भी कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई है। इसके चलते इमरान सरकार ने भव्य समारोह के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है। कोविड-19 (कोरोना वायरस) ने अभी भी विभिन्न देशों में कोहराम मचा रखा है। भारत के अलावा अमेरिका, पाकिस्तान और ब्रिटेन में भी यह महामारी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। ब्रिटेन में एक सांसद के कोरोना पॉजिटिव होने पर प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को आइसोलेशन में जाना पड़ा। अब खबर है कि 10 और सांसद आइसोलेशन में चले गए हैं। दरअसल यह सभी सांसद भी उस बैठक में मौजूद थे, जिसमें पॉजिटिव सांसद मौजूद थे। ब्रिटेन की संसद में कंजरवेटिव सांसद ली एंडरसन और उनकी पत्नी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। इसके बाद प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन समेत अन्य 10 सांसदों ने खुद को आइसोलेट किया है। रिपोर्ट के मुताबिक सांसद एंडी कार्टर, कैथरीन फ्लेचर, ब्रेनडेन क्लार्क-स्मिथ, क्रिस क्लार्कसन और लिया निसिवो ने ली एंडरसन के साथ बैठक में हिस्सा लिया था। इसके अलावा सांसद मार्को लोंघी और मैट विकर्स भी आइसोलेशन में चले गए हैं। उधर, प्रधानमंत्री आवास के प्रवक्ता ने बताया कि इन सभी सांसदों ने 12 नवंबर की बैठक में भाग लिया था। बैठक में शारीरिक दूरी का भी पूरा पालन किया गया, मगर बैठक देर तक चलने के कारण एहतियात के तौर पर यह कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। निरंतर नए केस सामने आने से इमरान सरकार मुश्किल में है। सरकार ने एहतियात के तौर पर भव्य समारोह आयोजित करने पर रोक लगा दी है। दरअसल बड़े समारोह होने पर भीड़ जुटने की आशंका को देखकर यह कदम उठाया गया है।