-जीडीए के विधि अनुभाग द्वारा सभी कार्रवाई को ऑनलाइन रखने के दिए निर्देश
-कोर्ट केस में निर्णय जीडीए हित में रहे, ऑनलाइन रखे अपडेट
गाजियाबाद। जीडीए के विभिन्न न्यायालयों में चल रहे केस में अब प्रभावी तरीके से अधिवक्ताओं द्वारा पैरवी कराने एवं निर्णय जीडीए हित में रहे। इसको लेकर जीडीए के विधि अनुभाग द्वारा सभी कार्रवाई को ऑनलाइन रखा जाएगा। गुरुवार को जीडीए सभागार में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, विधि अधिकारी शशि भूषण राय, प्रभारी भू-अर्जन व सहायक अभियंता के साथ बैठक की। बैठक में जीडीए के विधि अनुभाग की समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। जीडीए उपाध्यक्ष ने बैठक में अगले दो माह में न्यायालयों में सूचीबद्ध होने वाले वादों में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त प्रभारी अधिकारी एवं सहायक अभियंता यह सुनिश्चित कर लें कि उन्हे आवंटित अनुभाग से संबंधित केसों में नामित अधिवक्ता से संपर्क स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं सतत् मॉनिटरिंग की जाए। न्यायालयों में प्रचलित वादों में निर्णय भी जीडीए हित में रहे। बता दें कि जीडीए के विभिन्न न्यायालयों में करीब 3300 केस चल रहे है। इनमें जल्द ही कुछ में निर्णय होना है। जीडीए उपाध्यक्ष ने बैठक में नवनियुक्त विधि अधिकारी शशि भूषण राय को निर्देशित किया कि जीडीए के विभिन्न न्यायालयों में प्रचलित वादों की वर्तमान स्थिति का परीक्षण करा लें। इसके साथ ही सभी की जाने वाली कार्रवाई को ऑनलाइन अपडेट रखा जाए। जिससे कि समय पर कार्रवाई प्रस्तावित की जा सकें।
















