-यमुना प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग के दो भूखंड नीलामी के जरिए आवंटित किए
-60000 वर्ग मीटर में बनेगी आवासीय परियोजनाएं, प्राधिकरण को मिला राजस्व
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर और फिल्म सिटी जैसे प्रोजेक्ट के चलते यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सभी श्रेणी की गतिविधियां बढ़ी हैं। यमुना प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग के दो प्लॉट को नीलामी के जरिए आवंटित किया है। अब लोगों को एयरपोर्ट के पास घर लेने का मौका मिलेगा। यहां 60000 वर्ग मीटर में आवासीय परियोजनाएं बनेंगी। इससे प्राधिकरण को राजस्व मिला है।
यमुना प्राधिकरण की ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की योजना में दो भूखंड के लिए आवेदन माँगा गया था। इस योजना के अन्तर्गत शुक्रवार को प्राधिकरण ने दो भूखंडों के ई-ऑक्शन की प्रक्रिया पूरी की। इनमें भूखंड संख्या जीएच-01ए/1 सेक्टर 22डी रहा। इसका क्षेत्रफल 40000 वर्ग फ़ीट है। इसमें पूर्वांचल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने अधिकतम 149,57,46,000 रुपये की बोली लगाकर भूखंड ले लिया। इस भूखंड का रिज़र्व प्राइस 142,45,20,000 रुपये था। दूसरे नंबर पर ऐस इंफ़्रासिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी रही।
दूसरा भूखंड जीएच-01ए/2 सेक्टर 22D का है। इसका क्षेत्रफल 20000 वर्ग मीटर है। इसमें इंडिगो इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने अधिकतम बोली 96,86,73,000 रुपये लगाई और भूखंड ले लिया। इस भूखंड का शुरुआती प्राइस 71,22,60,000 रुपये रहा। दूसरे नंबर पर अरिहंत बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड की बिड रही।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग के भूखंड की नीलामी कर दी गई है। अब लोगों को एयरपोर्ट के पास घर लेने का एक मौका मिलेगा। इस क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। फिल्म सिटी परियोजना आकार लेने जा रही है। यही कारण है कि लोगों का रुझान इस और बढ़ा है।
















