जवाब : आतंकवाद पर प्रहार, पीओके में स्ट्राइक

भारतीय सेना ने तबाह किए आतंकियों के लॉन्चिंग पैड

नई दिल्ली। भारत ने आतंकवाद के खिलाफ फिर बेहद सख्त कदम उठाया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के भीतर आतंकियों के लॉन्चिंग पैड को तबाह कर दिया है। सेना ने पीओके में पिन प्वाइंट स्ट्राइक की है। इससे पाक और आतंकियों में खलबली मच गई है। सर्द मौसम बढऩे से पहले पाकिस्तान अधिकाधिक आतंकियों को कश्मीर घाटी में भेजने की फिराक में है। कुछ दिन पहले 250-300 आतंकी पीओके के लॉन्चिंग पैड पर होने के पुख्ता इनपुट मिले थे। इन आतंकियों को भारत में घुसपैठ कराने की कोशिशें चल रही हैं। उधर, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) प्रमुख राकेश अस्थाना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश के बीच कहा कि कश्मीर में भारी बर्फबारी से पहले की अवधि आतंकियों के लिए इस तरफ आने के लिए बेहद उपयुक्त है। सुरक्षा बल प्रत्येक स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। बीएसएफ प्रमुख अस्थाना ने कहा कि बल इस मोर्चे पर किसी भी चुनौती का सामना करने को पूरी तरह से तैयार हैं। नियंत्रण रेखा से घुसपैठ के निरंतर प्रयासों के विषय में पूछे जाने पर बीएसएफ प्रमुख ने कहा कि हम पहली रक्षा पंक्ति हैं और हम देश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध और दृढ़ हैं। बीएसएफ प्रमुख अस्थाना पैरा-एथलीटों का समर्थन करने के हेतु कश्मीर से कन्याकुमारी तक छठीं इन्फिनिटी राइड 2020 को झंडी दिखा कर रवाना करने के समारोह के मौके पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारी बर्फबारी से पहले और आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश में है, मगर बीएसएफ और अन्य सभी एजेंसियां और सुरक्षा बल तैयार हैं। स्थिति से निपटने का पूरा प्रयास हो रहा है। उन्होंने साफ कहा कि भारत में घुसपैठ की किसी भी कोशिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। भारतीय सुरक्षा बल पूर्णत: मुस्तैदी से अपनी डयूटी निभा रहे हैं।