कोविड-19 : देश के इस शहर में अब नाइट कर्फ्यू

दिल्ली के बाद अहमदाबाद में कोरोना की चाल तेज

अहमदाबाद। दिल्ली के बाद गुजरात के अहमदाबाद में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि होने से सरकारी तंत्र की टेंशन भी बढ़ गई है। ऐसे में नगर निगम ने शहर में फिर रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। रात 9 से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू किया जाएगा। शहर में शुक्रवार से कर्फ्यू लागू कर दिया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। गुजरात में दीपावली पर्व के बाद से कोरोना केस बढ़ गए हैं। राज्य सरकार का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है। राज्य सरकार ने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट आदि शहर में दीपावली पर्व के बाद से कोरोना के केस बढ़ने की बात को स्वीकारा है। अहमदाबाद शहर में 900 मोबाइल मेडिकल वैन, 550 संजीवनी रथ और 150 धनवंतरि रथ के जरिए नागरिकों को घर बैठे मेडिकल सुविधा मुहैया कराई जा रही है। अहमदाबाद शहर में 200 स्थानों पर शिविर के जरिए कोविड टेस्ट निशुल्क में कराए जा रहे हैं। अकेले अहमदाबाद शहर में अब तक 1 लाख 80 हजार नागरिकों का डोर-टू-डोर सर्वे किया गया है। गुजरात में वीरवार को कोरोना वायरस के 926 नए केस प्रकाश में आए हैं। इसके चलते समूचे गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1 लाख 90 हजार हो गई है। उधर, नगर निगम ने अहमदाबाद में नाइट कर्फ्यू के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। प्रतिबंधित समय में यदि कोई नागरिक बेवजह घर से बाहर निकलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रात 9 से सुबह 6 बजे तक सिर्फ विशेष परिस्थितियों में घर से बाहर आने की अनुमति होगी। बता दें कि दिल्ली में भी कोविड-19 पर नियंत्रण पाने को सख्ती की गई है। वहां मास्क न लगाने पर जुर्माना राशि 500 रुपए से बढ़ाकर 2 हजार रुपए कर दी गई है।