आबकारी विभाग ने दबोचे दो शराब तस्कर रात होने पर बेचते थे यूपी व हरियाणा की शराब

गौतमबुद्ध नगर। अवैध शराब के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने तस्करों की धरपकड़ तेज कर दी है। दिन हो या फिर रात चोरी छिपे शराब तस्करी करने वालों को पकड़कर जेल भेजा जा रहा है। आबकारी विभाग अपनी इस कार्रवाई से जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए फुल फार्म में धरातल पर उतर चुका है। शराब तस्करों पर निगरानी रखने के लिए आबकारी विभाग के साथ उनका मुखबिर तंत्र भी पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। शराब की दुकानों से शराब खरीद कर अवैध रुप से बेचने वाले हो या फिर बाहरी राज्यों की तस्करी करने वाले तस्कर हो, जिनके खिलाफ अब दिन के साथ रात में भी दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से यूपी व हरियाणा मार्का की शराब बरामद किया है। पकड़ा गया एक तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से ही शराब खरीद कर महंगे दामों में बेचता था तो दूसरा हरियाणा से शराब तस्करी कर रहा था।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा दुकानों से शराब खरीद कर और हरियाणा से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिसके लिए टीम द्वारा शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ दिल्ली व हरियाणा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दबिश देकर थाना फेज 1 में स्थित सेक्टर 4 बच्चा पार्क के पास अवैध रुप से शराब तस्करी कर रहे अमित गुप्ता पुत्र नन्हे गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से कैटरीना देशी शराब ब्रांड के 49 पौवे बरामद किया गया।

जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हए जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही दबिश देकर थाना सेक्टर 24 स्थित सेक्टर 56 गंदे नाले के पास से तस्कर आदित्य पुत्र संजय को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से क्रेज़ी रोमियो विदेशी शराब ब्रांड के 48 पौवे हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर लाइसेंसी दुकान से शराब खरीद कर और बाहरी राज्यों की शराब लाकर क्षेत्र में दुकान बंद होने के बाद बेचते थे। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।