-सीईओ सतीश कुमार ने विभिन्न बिंदुओं पर कार्य करने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सतीश कुमार ने रेलवे के सभी जोन, प्रोडक्शन यूनिट्स और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि ना सिर्फ रेलवे स्टेशनों पर बल्कि ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों और प्रोडक्शन यूनिट्स (उत्पादन इकाइयों) में भी सफाई के स्तर में उल्लेखनीय सुधार करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। रेलवे और नोडल कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में सीईओ सतीश कुमार ने कहा कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में मनाया जाता है। रेलवे द्वारा 2017 से ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा अभियान मनाया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (जल शक्ति मंत्रालय) की संयुक्त पहल है। इस वर्ष भी रेलवे ‘स्वच्छता ही सेवा’ समारोह का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए स्वैच्छिकता और सामूहिक कार्रवाई को मजबूत करने को काम करना चाहिए। पिछले साल ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत रेलवे ने लगभग 6,823 रेलवे स्टेशनों पर सात लाख से अधिक मानव-घंटों के श्रमदान के साथ लगभग 2.5 लाख लोगों को अभियान में शामिल किया था।
रेलवे ने स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की थीं। जिसमें बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान, कचरे की सफाई के साथ सेल्फी प्वाइंट बनाना, रेलवे की वेबसाइट पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ लोगो/बैनर लगाना, ट्रेनों/स्टेशनों में कचरे के उचित निपटान के संबंध में यात्रियों को जागरूक करने के लिए नियमित घोषणा करना, जागरूकता बढ़ाने के लिए “स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत” के नारे के साथ प्रभात फेरी निकालना, यात्रियों को जागरूक करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर गैर सरकारी संगठनों, धार्मिक निकायों और स्कूली बच्चों की मदद से नुक्कड़ नाटक आयोजित करना आदि शामिल है। इस वर्ष भी स्वच्छ भारत मिशन के शुभारंभ की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में’स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 17 सितम्बर से एक अक्टूबर तक ‘स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता’ थीम के साथ मनाया जाएगा तथा 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी भारतीय रेलवे स्वच्छता ही सेवा अभियान के लिए तैयार है। अब तक 3857 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों (सीटीयू) की पहचान की गई है और ‘स्वच्छता ही सेवा’ पोर्टल पर 4666 कार्यक्रम की रूपरेख तैयार की गई है। मिशन एक पेड़ मां के नाम के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाने का लक्ष्य दिया गया है। सभी रेलवे जोनल इकाइयों को ‘स्वच्छता ही सेवा’-2024 मनाने के लिए एक दैनिक गतिविधि कार्यक्रम भी दिया गया है। स्टेशनों के आस-पास के क्षेत्रों में स्थित रेलवे ट्रैक और शहरी एवं अर्ध शहरी क्षेत्रों में आने वाले ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर ध्यान दिया जाएगा।


















