स्वच्छता के लिए रेलवे की नायाब पहल, चलेगा विशेष अभियान

-गांधी जयंती के मद्देनजर विभिन्न कार्यक्रम होंगे, रूपरेखा तैयार

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर रेलवे इस बार विशेष अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। इसके तहत 14 सितम्बर यानी शनिवार से एक अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान का, स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता थीम पर कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती मनाई जाएगी। इस दिन को ‘स्वच्छ भारत दिवस’ के रूप में मनाया जायेगा।’स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत उत्तर रेलवे के मंडलों, कारखानों एवं अन्य इकाइयों में विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, स्वास्थ्य इकाइयों एवं रेलवे ट्रैक में श्रमदान के जरिए गहन स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। रेलवे स्टेशनों के आसपास ग्राम पंचायतों में स्वच्छता चौपाल लगाई जाएगी। चौपाल के जरिए ग्रामीणों को ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों और रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितार्थ स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन होगा।

मैराथन, साइक्लोथन, खेल प्रतियोगिता तथा पौधरोपण भी किया जाएगा। रिड्यूस, रियूज, रिसाइकल गतिविधियों व कचरे से कलाकृति बनाने तथा रिसाइकल्ड उत्पादों की बिक्री पर विशेष जोर दिया जाएगा। स्टेशनों पर सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे एवं स्वच्छता प्रतिज्ञा, नुक्कड़ नाटक द्वारा रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों तथा अन्य रेलवे परिसर पर शून्य अपशिष्ट पहल जैसी घटनाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हाईलाइट और साझा किया जाएगा। युवाओं में जागरूकता फैलाने के लिए कविता, निबंध, पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता कराई जाएगी। शैक्षणिक संस्थान, स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र इत्यादि में नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी और जिंगल प्रतियोगिता आयोजित की जाएंगी। भारतीय रेलवे निरंतर स्वच्छता में सिरमौर उत्तर रेलवे स्वच्छता के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। धरातल पर इसका असर भी देखने को मिल रहा है।