-औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने सिमको ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल का किया स्वागत
ग्रेटर नोएडा। व्यापार और उद्यमिता का वैश्विक महाकुम्भ इंटरनेशनल ट्रेड शो एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश में उद्यमियों के लिए अपार निवेश सम्भावनाओं के द्वार खोल रहा है। वहीं बड़े पैमाने पर देश ही नहीं बल्कि विभिन्न देशों से निवेश प्रस्ताव भी आ रहे हैं। एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में चल रहे इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे दिन शनिवार को यूरोप के बड़े औद्योगिक समूह शिमको ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में 830 करोड़ रूपए के निवेश का प्रस्ताव रखा।
मंत्री नन्दी ने प्रदेश सरकार की ओर से सिमको ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए असीम संभावनाओं के प्रदेश उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। यूरोप के अग्रणी कम्पनियों में एक शिमको ग्रुप भारत में 100 मिलियन डॉलर के अनुमानित निवेश के साथ एक विनिर्माण सुविधा स्थापित करना चाहती है। सिमको ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में कृत्रिम फेफड़े के वेंटिलेशन उपकरणों, एनेस्थीसिया और श्वसन प्रणालियों के उत्पादन, कैंसर के शीघ्र निदान के लिए एंटी बॉडी का विकास और उत्पादन एवं कैंडी-चॉकलेट के उत्पादन के लिए 830 करोड़ का निवेश प्रस्ताव रखा। प्रतिनिधिमंडल में शिमको ग्रुप की सीईओ आंद्रेई इलिन, मैकसिम शेवेलेव निदेशक और इरिना पिंगोरिना निदेशक अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शामिल रहे।
मंत्री नन्दी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की गणना बीमारू राज्य के रूप में होती थी। आज वही उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश का ग्रोथ इंजन बन कर उभरा है। पहले जहां उद्यमी यूपी से पलायन कर रहे थे, वहीं आज देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व से निवेशक स्वयं यूपी में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।


















