-समय पर देय राशि का भुगतान, शिकायतों का निपटारा तेजी से
-विभागीय कर्मियों की तत्परता से पारिवारिक पेंशन के पुराने मामलों का भी समाधान
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के लेखा विभाग ने मानवीय दृष्टिकोण अपना कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर देय राशि का भुगतान किया है। इस पहल से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। सितंबर 2024 में दिल्ली मंडल के लेखा विभाग के पेंशन अनुभाग ने सामान्य सेवानिवृत्ति के 54 मामलों, तीसरे लाभार्थी को पारिवारिक पेंशन के 10 मामलों के साथ-साथ मृत्यु के 26 मामलों के निपटान देय राशि का वितरण किया है, जिनमें देय आश्रित सदस्यों को निपटान लाभ दिया गया। 3 पुराने मामलों में जहां बैंक ने एक वर्ष से अधिक समय तक मूल पेंशन कागजात उपलब्ध नहीं कराए थे, कार्यालय के कर्मियों द्वारा अपने प्रयास से कागजात एकत्र किए गए और पारिवारिक पेंशन शुरू की गई। यह विभागों के मध्य घनिष्ठ सहयोग, मामलों की गहन निगरानी और वर्षों के दौरान रेलवे में किए गए सिस्टम सुधारों के कारण संभव हो सका है।
रेलवे में सामान्य सेवानिवृत्ति के मामलों को तय समय के अनुसार इस तरह से निपटाया जाता है कि प्रत्येक सेवानिवृत्त व्यक्ति को माह के अंतिम दिन पीपीओ और एक सप्ताह के भीतर निपटान बकाया प्राप्त हो जाता है। निपटान बकाया के संबंध में जन-शिकायतों को कम करने के लिए लेखा कार्यालय ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जा रहा है। मृत्यु मामलों का निपटारा और तीसरे लाभार्थी को पारिवारिक पेंशन ऐसे दो क्षेत्र हैं, जहां मामलों की उचित जांच के साथ-साथ मानवीय दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
मूल कागजात के अभाव में एक से दो साल से अधिक समय से लंबित पुराने मामलों, भुगतान की गई अतिरिक्त पेंशन और अन्य दस्तावेजों की वसूली को प्राथमिकता दी जाती है ताकि पेंशनभोगियों को असुविधा न हो और लंबे समय से लंबित मामलों का निपटारा हो सके। विभागों और पेंशनभोगियों के साथ आपसी समन्वय के माध्यम से इस मुद्दे को सुलझाने पर जोर दिया जा रहा है। निरंतर प्रयासों के कारण पुराने मामलों की पेंडेंसी घटकर 2 माह पुरानी हो गई है और पेंडेंसी को घटाकर सिर्फ एक माह करने का प्रयास किया जा रहा है।















