जनता की चौखट पर पासपोर्ट समाधान, अनुज स्वरुप की पहल से मिनटों में सुलझे वर्षों के इंतजार वाले मामले

-जनता को कार्यालयों के चक्कर नहीं, त्वरित समाधान मिलना चाहिए: अनुज स्वरुप
-क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने स्वयं सुनी हर शिकायत, मौके पर दिए त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश
-विदेश मंत्रालय की नागरिक-केंद्रित सोच को धरातल पर उतारते हुए गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय ने पेश किया सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट मॉडल
-लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान, पारदर्शी व्यवस्था और आवेदकों के चेहरे पर संतोष-लोक अदालत बनी जनविश्वास का मजबूत माध्यम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हापुड़ चुंगी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने एक बार फिर नागरिक सेवाओं में उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए गुरुवार को   ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ का सफल आयोजन किया। इस विशेष पहल का उद्देश्य लंबे समय से लंबित पासपोर्ट मामलों, शिकायतों एवं तकनीकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही गंभीरता के साथ परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इस पूरी प्रक्रिया का नेतृत्व भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने स्वयं किया। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान अनुज स्वरूप ने स्पष्ट किया कि पासपोर्ट केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा और विदेश यात्रा से जुड़े सपनों का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में किसी भी आवेदक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, यह क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत जैसे आयोजनों का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता स्थापित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समाधान पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। लोक अदालत के दौरान अनेक ऐसे मामले भी सामने आए, जो विभिन्न तकनीकी कारणों या दस्तावेजी औपचारिकताओं के चलते लंबे समय से लंबित थे। अनुज स्वरूप ने संबंधित अनुभागों के अधिकारियों के साथ प्रत्येक मामले की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश जारी करते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जिन मामलों में अतिरिक्त औपचारिकताओं की आवश्यकता थी, उनमें भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान आवेदकों ने क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनकी समस्याओं को इतनी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा समाधान के प्रति स्पष्ट आश्वासन मिला।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने कहा कि विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद लगातार नागरिक-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि समयबद्ध शिकायत निवारण, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए समय-समय पर पासपोर्ट लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है। इन आयोजनों के माध्यम से न केवल लंबित मामलों का समाधान होता है, बल्कि नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर भी मिलता है, जिससे व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास और मजबूत होता है। अनुज स्वरूप ने कहा कि डिजिटल तकनीक और सुशासन के समन्वय से पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से प्रस्तुत करें, ताकि पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया और अधिक तेज एवं सुगम बन सके।

साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समय पर उपलब्ध होती रहें। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित आवेदकों ने क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की इस पहल को जनहित में अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि लोक अदालत के माध्यम से उन्हें बिना अनावश्यक विलंब के अपनी समस्याओं का समाधान मिला। कई आवेदकों ने कहा कि अधिकारी स्वयं उनकी समस्याएं सुन रहे थे और प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई कर रहे थे, जिससे उन्हें प्रशासन के प्रति सकारात्मक अनुभव प्राप्त हुआ। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने अंत में पुन: भरोसा दिलाया कि गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नागरिकों को सरल, पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करता रहेगा। यही प्रयास भविष्य में भी सेवा की गुणवत्ता और नागरिक संतुष्टि को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आधार बनेगा।