-रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने रेलवे के पवेलियन का किया उद्घाटन
-रेलवे ने अपने मंडप में अपनी विकास यात्रा के कई पहलुओं को किया हाइलाइट
-मॉडलों, तस्वीरों और ट्रांसलाइट्स आदि के माध्यम से तकनीकी और संरचनात्मक प्रगति का प्रदर्शन
विजय मिश्रा (उदय भूमि)
नई दिल्ली। दिल्ली के प्रगति मैदान में 14 नवंबर से 27 नवंबर तक 43वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्घाटन गुरुवार को केंद्रीय वाणिज्य उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया। वार्षिक मेले में विदेशों सहित भारत के सभी हिस्सों से ट्रेड प्रमोशन की भागीदारी होती है। ट्रेड फेयर बड़ी संख्या में बिजनेस विजिटर्स और आम जनता को आकर्षित करता है। इस वर्ष की थीम, विकसित भारत 2047, भारत की 2047 तक आत्मनिर्भर, समृद्ध और अग्रणी राष्ट्र बनने की दृष्टि को समाहित करती है। भारतीय रेलवे ने हॉल नंबर 4 में फ्यूचरिस्टिक इंडियन रेलवेज को दर्शाते हुए एक मंडप स्थापित किया है। वहीं शुक्रवार को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने रेलवे के मंडप का उद्घाटन किया। रेलवे ने अपने मंडप में अपनी विकास यात्रा के कई पहलुओं को हाइलाइट किया है।
मॉडलों, तस्वीरों और ट्रांसलाइट्स आदि के माध्यम से उनकी तकनीकी और संरचनात्मक प्रगति का प्रदर्शित किया गया है। रेलवे मंडप के बाहरी हिस्से में राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के प्रस्तावित साबरमती स्टेशन को दर्शाया गया है। विशेष आकर्षण अंजी पुल और पंबन ब्रिज के मॉडल हैं। भारत की पहली सेमी- हाई स्पीड ट्रेन, वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत ट्रेनों, इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं। वंदे भारत स्लीपर का मॉडल दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है।
ऑगमेंटेड रियलिटी वीडियो किशोरों को खूब लुभा रहा है। इंटरैक्टिव स्क्रीन, भारतीय रेलवे और रेलवे की उपलब्धियों के बारे में अधिक जानने के लिए इंटरैक्टिव क्विज, बच्चों का मनोरंजन करने के लिए शैक्षिक, सूचनात्मक और मजेदार होने का लक्ष्य रखती है। आईआईटीएफ 2024 में रेलवे के मंडप आगंतिलुकों को भारतीय रेलवे की प्रगति पर की जा रही नई पहलों के बारे में जागरूक करेगा। 14 से लेकर 18 नवंबर तक मेला विशेष रूप से व्यापारियों के लिए खुलेगा। इसके बाद आम जनता के लिए 19 नवंबर से शुरू होगा और 27 नवंबर तक चलेगा। विकसित भारत की थीम पर आयोजित होने वाले इस मेले में अबकी बार दर्शकों की सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है।


















