Ghaziabad में मतदान केंद्र पर बढ़ी रफ्तार, अब तक 27.44 प्रतिशत हुआ मतदान

उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान हो रहा है। चुनावी सीजन में सीएम योगी आदित्यनाथ से लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रचार में अपनी ताकत झोंकी थी। ऐसे में देखना होगा कि इस सीट से आखिर किस उम्मीदवार को जीत मिलती है। इस विधानसभा उपचुनाव में 4.61 लाख मतदाता मतदान कर रहे हैं। अतुल गर्ग के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। गाजियाबाद में मतदान के लिए वोटर घरों से निकल कर बूथ केंद्र पर जा रहे हैं। लेकिन कैला भट्टा स्थित एक मतदान केंद्र पर बूथ खाली पड़े हैं। शहर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर साढ़े तीन बजे तक 27.44 प्रतिशत मतदान हुआ है।

एक बजे तक सिर्फ 20.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। शाम पांच बजे तक मतदाता अपना वोट दे सकेंगे। यह 20 साल पहले 2004 में हुए उपचुनाव से अधिक है। तब 19 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ था। मतदान को लेकर सुबह क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल के बाहर लगभग 50 से अधिक मतदाता मतदान शुरू होने से पहले पहुंचे, इनमें अधिकतर मतदाता वह रहे जो कि दिल्ली, नोएडा में ड्यूटी करने के लिए जाते हैं। वह अपने मताधिकार का प्रयोग ड्यूटी पर जाने से पहले करना चाहते थे।

दिव्यांग बूथ पर पार्टी का पटका पहनकर आए बसपा प्रत्याशी पी एन गर्ग। वहीं, मोबाइल लेकर मतदान केंद्र आ रहे कुछ मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह की समस्या कुछ अन्य मतदान केंद्रों पर भी दिखी। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि इस समस्या का समाधान करने के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। सभी मतदाताओं से अपील है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत
मतदान प्रतिशत – 12.87 प्रतिशत
पुरुष मतदाता – 39225
महिला मतदाता – 20168

धीमी रफ्तार से शुरू हुआ मतदान
उपचुनाव में मतदाताओं में उत्साह की कमी कहें या मौसम का असर। अधिकांश बूथों पर इक्का-दुक्का ही मतदाता नजर आ रहे हैं। बूथों पर मतदान कर्मियों से लेकर बीएलओ व सुरक्षा कर्मी मतदाताओं की राह ताकते दिखे। युवा मतदाताओं की संख्या सुबह में बेहद कम दिखी। अधिकांश युवा या तो घरों में या मैदान में खेलते दिखाई दिए। सुबह नौ बजे तक मात्र 5.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसमें 16980 और 7775 महिला मतदाता शामिल हैं। शाम पांच बजे तक मतदाना अपना वोट कर सकेंगे। पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। 507 ईवीएम मशीनों में उपचुनाव लड़ रहे कुल 14 प्रत्याशियों की किस्मत कैद होगी। गाजियाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव लड़ रहे 14 प्रत्याशियों में किस प्रत्याशी को कितने मत मतदाताओं ने दिए हैं।

इसकी जानकारी 23 नवंबर को मतगणना के बाद जारी चुनाव परिणाम से होगी। अपर जिलाधिकारी भू अध्याप्ति विवेक मिश्रा ने बताया कि उपचुनाव के लिए 507 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें दी गई हैं। इस क्षेत्र का परिसीमन वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले हुआ था, इस विधानसभा क्षेत्र में यह पिछले 12 सालों में चौथा विधानसभा चुनाव है। इससे पहले वर्ष 2012, 2017, 2022 में चुनाव हुआ है। इसमें एक बार बसपा प्रत्याशी सुरेश बंसल और दो बार भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को जीत हासिल हुई है। सुरेश बंसल का निधन हो चुका है, अतुल गर्ग अब जिले के सांसद हैं। ऐसे में अब इस शहर विधानसभा क्षेत्र का नया विधायक कौन होगा।

करीब छह महीने पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गाजियाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अतुल गर्ग को प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारा। अतुल गर्ग ने लोकसभा चुनाव में जीत के बाद विधानसभा सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया। ऐसे में आज यानी 20 नवंबर को इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। चुनाव के मैदान में कुल 14 प्रत्याशी हैं और सभी ने मतदाताओं को साधने के लिए लगभग हर तरीके से प्रयास किया है। चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।