बीएसए आफिस का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

गैरहाजिर मिले बीएसए, मांगा स्पष्टीकरण

गाजियाबाद। जिलाधिकारी डा. अजय शंकर पांडेय ने मंगलवार सुबह बीएसए आफिस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीएसए अनुपस्थिति मिलने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। जिलाधिकारी ने डीएलसी आफिस का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने उपश्रमायुक्त राजेश मिश्रा से विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे जानकारी ली। इस दौरान दो महिला कर्मचारी यहां अनुपस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान बीएसए कार्यालय में गंदगी देख जिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट की और कार्यालय को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने उप श्रमायुक्त कार्यालय का निरीक्षण भी किया। यहां अनुपस्थित तीन कर्मचारियों का वेतन रोका गया। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय विभिन्न विभागों की कामकाज की समीक्षा के साथ उनकी कार्यकुशलता की भी जांच करते रहते है। इसमें अधिकारियों द्वारा दफ्तर में समय से उपस्थिति से लेकर उनके कामकाज की कुशलता जांची जाती है। सुबह दस बजकर दस मिनट पर जिलाधिकारी औचक निरीक्षण करने बीएसए कार्यालय पहुंच गए। यहां पहुंचने पर उन्होंने पाया किया बीएसए कार्यालय में ही नहीं पहुंचे है। इसके बाद उन्होंने अन्य स्टाफ को बुलाकर उपस्थिति चेक कराई। अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने बीएसए से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके पूर्व भी डीएम के निरीक्षण में बीएसए कार्यालय में अनुपस्थित मिल चुके हैं। इसके बाद जिलाधिकारी डीएलसी आफिस पहुंचे। कार्यालय में उप श्रमायुक्त मौजूद मिले लेकिन उनके अधीनस्थ तीन कर्मचारी गैर मौजूद मिले जिनका स्पष्टीकरण भी तीन दिनों में मांगा गया है। साथ ही तीनों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय से कार्यालय में पहुंचे। अजय शंकर पांडेय ने उपश्रमायुक्त से शासन द्वारा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ कार्यालय में बेहतर साफ सफाई व्यवस्था की तारीफ की। उपश्रमायुक्त राजेश मिश्रा का कहना है कि दोनों महिला कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की जाएगी।