डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण

-सुरक्षा व्यवस्था में ना हो कोई चूक: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। जिला मुख्यालय पर निर्वाचन कार्यालय के वेयरहाउस में रखी ईवीएम और वीवीपीएटी का डीएम ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस के चारों तरफ लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी स्थिति, कंट्रोल रूम, विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदानों को सुरक्षित रखने के उपाय समेत अन्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वाह्य सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से मिले निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा।

उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की अन्य सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान एडीएम ई रणविजय सिंह, हरिभानु सीओ, हरिकृष्ण शर्मा एडीईओ, एसीओ विवेक सिंह एवं राजनैतिक पार्टियों में ताहिर हुसैन एवं रमेश चन्द्र यादव सपा, सुभाष चन्द्र शर्मा बीजेपी, मनोज कुमार बसपा, डॉ. नरेन्द्र कुमार शर्मा कांग्रेस सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।