-एक्सपो सेंटर के आसपास तीन गोलचक्कर, हरित क्षेत्र और सेंट्रल वर्ज का नए तरीके से सौंदर्यीकरण होगा
-रंग-बिरंगी लाइटें, कलाकृतियां और फव्वारे आकर्षित करेंगे, विशेषज्ञ कंपनी का लेंगे सहयोग
विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। शहर को आकर्षक बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार नये-नये प्रोजेक्ट’स शुरू कर रहे हैं। अब शहर की पहचान बन चुके इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट की बाहरी सुंदरता को दिल्ली के प्रगति मैदान की तर्ज पर आकर्षक बनाने की तैयारी है। एक्सपो मार्ट के आसपास स्थित तीन गोलचक्कर, हरित क्षेत्र और सेंट्रल वर्ज का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। हरियाली बढ़ाने के साथ रंग-बिरंगी लाइटें, कलाकृतियां और फव्वारे लगाए जाएंगे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें बड़ी संख्या में देश- विदेश के लोगों के साथ अति विशिष्ट व्यक्तियों का आना जाना लगा रहता है। बीते सितंबर में आयोजित सेमीकॉन इंडिया-2024 के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री आएथे। इंडिया एक्सपो सेंटर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। इसको देखते एक्सपो सेंटर के आसपास के क्षेत्र को और अधिक खूबसूरत बनाने की तैयारी चल रही है ,ताकि यहां आने वाले देश- विदेश के लोग आकर्षित हो सके। इंडिया एक्सपो मार्ट प्रबंधन ने प्राधिकरण को इस संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिया है, जिस पर प्राधिकरण अधिकारियों ने काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण अधिकारी के मुताबिक इंडिया एक्सपो सेंटर को प्रगति मैदान के तर्ज पर आकर्षक बनाया जाएगा। इसके लिए आसपास स्थित तीन गोलचक्कर, ग्रीन बेल्ट व सेंट्रल वर्ज को नए तरीके से विकसित किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। एक कंपनी अपना प्रस्तुतिकरण दे चुकी है। बता दें कि एक्सपो सेंटर के चारों तरफ हरित क्षेत्र के लिए काफी जमीन छोड़ रखी गई है।
ये काम कराए जाएंगे
एक्सपो मार्ट की सुंदरता बढ़ाने के लिए आसपास स्थित गोलचक्कर की लैंड स्केपिंग की जाएगी। ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज में हरियाली बढ़ाने के साथ फैंसी लाइट लगाई जाएंगी। विशेष तरह की कलाकृतियों को उकेरा जाएगा। मूर्तियां लगाई जाएंगी। फव्वारा भी लगाया जाएगा।
ट्रैफिक जाम से निजात के लिए तैयारी चल रही
एक्सपो मार्ट में बड़े आयोजनों के दौरान अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो जाती है। इस समस्या के स्थाई समाधान पर मंथन चल रहा है। फिलहाल गोलचक्कर सहित आसपास की अन्य सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इसके साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से इंडिया एक्सपो सेंटर को सीधे जोडऩे की योजना पर भी काम चल रहा है। इस संबंध में ट्रैफिक विभाग के विशेषज्ञों से सलाह ली जा रही है। एक्सप्रेसवे पर एक नया कट बनाकर एक्सपो मार्ट को जोड़ा सकता है।
इंडिया एक्सपो सेंटर के बाहरी क्षेत्र को प्रगति मैदान की तरह सुंदर बनाया जाएगा। इसका एस्टीमेट बनवाया जा रहा है। तीन गोलचक्कर, आसपास के हरित क्षेत्र, सेंट्रल वर्ज का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। रंग बिरंगी लाइट के साथ कला कृतियां लगाई जाएंगी।
श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।
















