महापौर ने नंदग्राम में विकास कार्यो का किया शिलान्यास

-नंदग्राम मुख्य मार्ग का 3.16 करोड़ में होगा निर्माण, मिलेगी राहत: सुनीता दयाल

गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड-49 नंदग्राम के मुख्य मार्ग का जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। गुरुवार को महापौर सुनीता दयाल ने मेरठ रोड से भगवान परशुराम मंदिर से होते हुए अटल चौक से मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के सामने से एफ  ब्लॉक तक मुख्य मार्ग की सड़क का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। महापौर ने बताया कि वार्ड-49 के पार्षद विरेंद्र त्यागी द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था। इस मार्ग पर लगभग 3.16करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कराया जाएगा। महापौर ने नंदग्राम मुख्य मार्ग की सड़क को 15वें वित्त आयोग के फंड से प्रस्ताव पास कराया था। गुरुवार को महापौर ने इसका शिलान्यास किया।

महापौर ने बताया कि उक्त सड़क से रोजाना लाखों लोगों का आवागमन होता है।  सड़क का निर्माण होने पर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नंदग्राम क्षेत्र से सुबह- सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं भी रोजगार के लिए शहर की तरफ  जाती हैं और रास्ता खराब होने से सभी नंदग्राम वासियों को बहुत परेशानी हो रही थी। इस मार्ग का जल्द ही निर्माण हो जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी जल्द ही विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण किए जाएंगे। पार्षद कोटे के कार्य भी शुरू हो गए हैं। वार्डों में भी जल्द विकास कार्य होते नजर आएंगे। शिलान्यास के दौरान पार्षद विरेंद्र त्यागी,बबली त्यागी,नगर निगम के सहायक अभियंता अनूप शर्मा,अवर अभियंता प्रीति बंसल,कांट्रेक्टर नवीन गर्ग आदि उपस्थित रहे।