सीईओ एनजी रवि कुमार की सड़कों को चमकाने की तैयारी, तीन करोड़ खर्च होंगे

• सड़कों पर गड्ढों की समस्या दूरी होगी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने निविदा जारी की
• वर्क सर्किल- 4, 5,6 एवं 7 की विभिन्न सड़कों एवं सेक्टरों के अंदर मरम्मत का कार्य किया जाएगा

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार शहर की सड़कों को चमकाने की योजना पर काम तेज कर दिया है। शहर की विभिन्न सड़कों एवं सेक्टरों के अंदर गड्ढों की समस्या से अगले एक माह में निजात मिल जाएगी। ऐसी सड़कों को चिन्हित कर पैच रिपयेरिंग (मरम्मत) के कार्य पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जगह- जगह पर गड्ढे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हादसे की भी आशंका बनी रहती है। प्राधिकरण ने निविदा जारी कर दी है।

पिछले लंबे समय से मरम्मत का कार्य न होने की वजह से शहर की प्रमुख सड़कों के साथ सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा व 36 सहित विभिन्न सेक्टरों के अंदर गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में सीईओ के निर्देश पर गड्ढे भरने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के बाद भी सड़कों पर गड्ढे की समस्या पूरी तरह से दूर नहीं हुई है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने शहर की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। प्राधिकरण क्षेत्र के वर्क सर्किल-4, 5, 6 एवं 7 की विभिन्न सड़कों व सेक्टरों के अंदर पैच रिपयेरिंग का कार्य किया जाएगा। इससे संबंधित विकास कार्य के लिए निविदा जारी कर दी गई है। लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च कर टूटी सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा।

लोगों को मिलेगी निजात
इन चारों वर्क सर्किल के अंतर्गत शहर के सभी प्रमुख आवासीय सेक्टर व आसपास के गांव आते हैं। प्राधिकरण अधिकारी के क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही जिन सड़कों की स्थिति ज्यादा खराब हो गई है, उनके पुनर्निर्माण का कार्य किया जाएगा। बता दें कि सूरजपुर- कासना मार्ग, जुनपत गोलचक्कर से सेक्टर म्यू की तरफ जाने वाली सड़क, सेक्टर ईटा स्थित मिग्सन सोसाइटी के सामने, अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, स्वर्ण नगरी आदि सेक्टरों में सड़कों पर जगह- जगह पर गड्ढे हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी कई सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं।

खराब सड़कें दोबारा बनेंगी
एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सड़कों को गड्ढा मुक्त किए जाने के लिए पैच रिपेयरिंग के कार्य से संबंधित निविदा जारी कर दी गई है। वर्क सर्किल-4,5,6 व 7 में जल्द कार्य कराए जाएंगे। एक माह में कार्य शुरू करा दिया जाएगा। जिन सड़कों की स्थिति ज्यादा खराब है, उनका पुन: निर्माण किया जाएगा। सड़कों को दुरुस्त कर आवागमन को सुगम बनाया जाएगा।