-आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, द पेबल्स बिस्ट्रो पर शराब परोसने का खुलासा, केस दर्ज
उदय भूमि
लखनऊ। जले में बिना लाइसेंस के अवैध रुप से शराब का सेवन कराने वालों पर आबकारी विभाग की 24 घंटे नजर रहती है। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीम दिन-रात चेकिंग कर रही है। नई आबकारी नीति के तहत इन दिनों आबकारी विभाग की टीमें पूरी तरह से सरकारी कामकाज में व्यस्त है। इसी का फायदा उठाकर कुछ रेंस्टोरेंट मालिक आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगाने का काम कर रहे है। जिसका खुलासा आबकारी विभाग की टीम ने किया है। गौरतलब हो कि भले ही आबकारी विभाग की टीम किसी भी काम में कितना भी व्यस्त क्यों न हो, मगर नियम के विपरित काम करने वालों पर उनकी हमेशा से नजर रहती है। आबकारी विभाग ने अवैध रूप से शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट्स और होटलों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोमती नगर स्थित द पेबल्स बिस्ट्रो रेस्टोरेंट पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी, जिसके चलते मैनेजर समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया और रेस्टोरेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने बताया शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह और अरविंद बघेल की संयुक्त टीम ने रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि द पेबल्स बिस्ट्रो रेस्टोरेंट में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही है। टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कुछ लोग शराब पीते हुए पाए गए। जब रेस्टोरेंट मैनेजर से शराब परोसने का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। आबकारी विभाग की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों और बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले रेस्टोरेंट्स के लिए कड़ा संदेश है- नियम तोड़ा, तो कार्रवाई होगी।
विदेशी शराब और बीयर जब्त:
• 3 सीलबंद विदेशी शराब की बोतलें
• 3 आंशिक रूप से भरी हुई बोतलें
• बीयर की 11 कैन बरामद
5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 2 गिरफ्तार
• रेस्टोरेंट मालिक: मनीष सिंह
• मैनेजर: रवि सिंह (गिरफ्तार)
• कर्मचारी: रोहित मिश्रा, श्रीराम यादव और अभिषेक तिवारी
गोमती नगर थाने में मुकदमा दर्ज, मैनेजर समेत 2 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
रेस्टोरेंट को किया ब्लैकलिस्ट, आबकारी विभाग का सख्त संदेश
जिला आबकारी अधिकारी करुणेन्द्र सिंह ने बताया आबकारी विभाग ने द पेबल्स बिस्ट्रो रेस्टोरेंट को ब्लैकलिस्ट कर दिया और आगे किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया गया है। बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी रेस्टोरेंट और होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी जाती है कि वे कानून का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग की 24 घंटे नजर, अन्य होटलों और रेस्टोरेंट्स की भी होगी जांच
• आबकारी विभाग की टीमें अब 24 घंटे निगरानी रखेंगी।
• शहर के अन्य होटलों, बार और रेस्टोरेंट में भी सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
• बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
















