आबकारी विभाग ने हजारों रूपए की शराब समेत तस्कर को किया गिरफ्तार
गाजियाबाद। शराब तस्करों को देख आबकारी विभाग भी हैरान है। तस्कर भी तू डाल-डाल मैं पात-पात का खेल खेलकर आबकारी विभाग की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। विभाग भी तस्करों की इन करतूतों को समझ गई है और थोडा भी संशय होने पर उन्हें दबोचने में देर नहीं कर रही। पहले तस्कर माल वाहक वाहन एवं लग्जरी कार का प्रयोग शराब तस्करी में करते थे, लेकिन हाल के दिनों में इन्होंने अपना ट्रेंड बदल दिया है। अब तस्कर शराब की तस्करी में लग्जरी वाहनों के साथ बाइक का भी प्रयोग कर रहे हैं। इसका खुलासा आबकारी विभाग ने किया है। देर रात आबकारी विभाग एवं घंटाघर कोतवाली पुलिस की संंयुक्त टीम ने ऐसे शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जो हरियाणा से शराब लाकर क्षेत्र में मोटरसाइकिल से ऑन डिमांड शराब की अवैध रूप से सप्लाई करता है। सेक्टर-5 आबकारी निरीक्षक हेमलता रंगनानी एवं घंटाघर कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार सिंह, दारोगा अजयपाल सिंह ने टीम के साथ देर रात संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन क्षेत्र न्यू पंचवटी गेट जीटी रोड के पास से चेकिंग के दौरान 100 पव्वे संतरा अवैध देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त पेशन प्रो बाइक समेत तस्कर को गिरफ्तार किया। आबकारी निरीक्षक हेमलता रंगनानी ने बताया कि संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन एवं जिला आबकारी अधिकारी मुबारक अली के निर्देश पर अवैध रूप से शराब की तस्करी करने और शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा हैं। देर रात वाहन चेकिंग के दौरान बाइक पर छुपाकर ले जा रहे 100 पव्वा देशी शराब संतरा हरियाणा मार्का शराब समेत तस्कर राजन पुत्र स्वर्गीय हरिराम निवासी मकान नंबर-340 दौलतपुरा भाटिया मोड़ को गिरफ्तार किया गया है। बाइक पर राजन और बिट्टू पुत्र खेमचंद निवासी दौलतपुरा सवार थे। अंधेरे में मौका पाकर बिट्टू फरार हो गया। बरामद की गई शराब की कीमत हजारों रुपए हैं।
पूछताछ में बताया कि परिवार के भरण पोषण के लिए पैसे की चाहत में हरियाणा से शराब लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता है। इसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। उन्होने बताया तस्करों पर नजर रखी जा रही है। आए दिन तस्करों के साथ शराब भी पकड़ी जा रही है। हां, इन दिनों लग्जरी वाहनों के साथ तस्कर बाइक का भी प्रयोग ज्यादा कर रहे हैं।















