नोएडा एयरपोर्ट : जल्द शुरू होंगी उड़ानें चीफ सेक्रेट्री मनोज सिंह ने किया निरीक्षण, सीईओ अरुणवीर सिंह की अगुवाई में तेजी से आकार ले रही अंतरराष्ट्रीय परियोजना जल्द घोषित होगी पहली उड़ान की तारीख

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द हवाई उड़ानें शुरू हो सकती है। नोएडा एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन तक पहुंचाने में एयरपोर्ट का महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अगुवाई में तेजी से इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पूरा किया जा रहा है। एयरपोर्ट पर हवाई जहाज के परिचालन से संबंधित सभी तैयारियां अंतिम चरण में है। बुधवार को चीफ सेक्रेट्री मनोज सिंह ने एयरपोर्ट साइट का निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के बाद चीफ सेक्रेटरी ने प्रगति समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जेवर एयरपोर्ट राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

एयरपोर्ट परियोजना की डे-टू-डे मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह, एसीईओ नागेंद्र प्रताप सिंह, एसीईओ कपिल सिंह, डीएम गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा, एयरपोर्ट के नोडल ऑफिसर शैलेंद्र कुमार भाटिया, ओएसडी शैलेंद्र सिंह के अलावा यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और टाटा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे।नोएडा एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के भविष्य की उड़ान है। यह लाखों युवाओं को रोजगार देगा, प्रदेश को विदेशी निवेश दिलाएगा और भारत के हवाई नक्शे पर उत्तर प्रदेश को अग्रणी स्थान पर ले जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।

सीईओ अरुणवीर सिंह की रणनीतिक निगरानी और मृदुभाषी नेतृत्व में जेवर एयरपोर्ट समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से आकार ले रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विकास को वैश्विक दृष्टिकोण से जोड़ा है, जिससे न केवल जेवर, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा। बुधवार को चीफ सेक्रेट्री मनोज सिंह ने टर्मिनल भवन, रनवे, कार्गो हैंडलिंग क्षेत्र, नियंत्रण टावर और यात्री सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक चरण की तय समयसीमा हो और गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं हो। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड, टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों ने चीफ सेक्रेट्री को परियोजना की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट दी। चीफ सेक्रेट्री ने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण लगभग पूर्णता की ओर है और बहुत जल्द इसकी पहली उड़ान की तिथि घोषित की जाएगी।