-वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के तहत डासना में आयोजित जिला कार्यशाला
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत डासना देहात में बुधवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण जिला कार्यशाला में महापौर एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मुस्लिम समुदाय के बीच वक्फ बोर्ड में किए गए संशोधनों की जानकारी प्रसारित करना है। कार्यक्रम में महापौर का भव्य स्वागत किया गया और उन्होंने स्थानीय जनता को इन संशोधनों के प्रभावों से अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि वक्फ बोर्ड की ज़मीनों का उपयोग अब तक गरीबों के हित में नहीं हुआ।
ना तो इन ज़मीनों पर मकान बने, ना अस्पताल, ना स्कूल, ना ही बेटियों के विवाह में कोई मदद मिली। अब इस स्थिति को बदलने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा वक्फ नियमों में जो संशोधन किए गए हैं, उनका उद्देश्य है कि वक्फ की सम्पत्तियों से होने वाली आय अब सीधे गरीब मुस्लिम समुदाय के कल्याण में लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में इन ज़मीनों का केवल निजी लाभ के लिए दुरुपयोग हुआ और समाज को गुमराह किया गया।
महापौर ने यह भी कहा, विपक्ष जिस संशोधन पर आपत्ति कर रहा है, वह दरअसल समाज को न्याय दिलाने का माध्यम है। अब वक्फ बोर्ड किसी व्यक्ति विशेष के नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के हित में काम करेगा। कार्यक्रम में अन्य कई प्रमुख भाजपा नेता मौजूद रहे, जिनमें विधायक धर्मेंद्र तोमर, विधायक मंजू सिवाच, जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, जिला महामंत्री जितेन्द्र कुमार, जिला संयोजक राज कुमार, तथा कार्यक्रम संयोजक शौलत पाशा और महेन्द्र यादव प्रमुख रूप से शामिल थे।

















