ईश्वर ने सृष्टि बचाने के लिए अवतार लिया : ए.के. शर्मा

-नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने गाजियाबाद में भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया
-बोले, भगवान परशुराम ने पृथ्वी पर बढ़ रहे अत्याचार अनाचार का समूल नाश किया, आताताइयों के चंगुल से पृथ्वी को मुक्त किया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि भगवान नारायण के छठे अवतार भगवान परशुराम का जीवन चरित्र एवं आदर्श बहुत ही प्रशंसनीय व सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। सभी के प्रति करुणा, दया, प्रेम और समता का भाव उनकी चारित्रिक विशेषताएं रही है। भगवान नारायण ने सृष्टि में फैले मल को साफ करने के लिए बाराह अवतार लिया था। ईश्वर ने सृष्टि को कठिन परिस्थितियों से बचाने के लिए किसी न किसी रूप में अवतार लिया और पृथ्वी के सभी जीवों का कल्याण किया। भगवान परशुराम ने भी पृथ्वी पर बढ़ रहे अत्याचार अनाचार का समूल नाश किया और आताताइयों के चंगुल से पृथ्वी को मुक्त किया।
मंत्री शर्मा बुधवार को गाजियाबाद के नेहरू नगर में भगवान परशुराम की जन्म जयंती और अक्षय तृतीया पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में सनातन धर्म बहुत ही समदर्शी और करुणामई है। भगवान श्रीराम स्वयं मां शबरी के पास गए और नदी पार करने के लिए निषाद राज से सहयोग लिया और उनकी भक्ति के आग्रह को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी की मनसा अनुरूप भारत 2047 तक एक समृद्ध राष्ट्र तभी बन सकेगा, जब यहां हर व्यक्ति खुशहाल होगा।

मोदी जी की प्रेरणा से हम सभी विकसित भारत की नींव को मजबूत बनाने में लगे हुए है, जिसमें एक भव्य राष्ट्र का निर्माण हो सकेगा। इसीलिए सभी गरीबों को शौचालय, पानी मुहैया कराया जा रहा। देश का कोना-कोना स्वच्छ किया जा रहा। मंत्री शर्मा ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत एक ऐसा राष्ट्र बनेगा जो पूरी दुनिया को सही मार्ग पर ले जाने की क्षमता रखेगा। पाकिस्तान जैसे नही कि पूरी दुनिया में कटोरा लेकर घूम रहा और भारत को धमकी दे रहा है। सामने से आकर लड़ने की हिम्मत नही, पीछे से वार करता है। भारत के निर्दोष नागरिकों की उनके छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं के सामने हत्या करवाता है, ऐसे जघन्य पाप करवाने के लिए पाकिस्तान का नाम पाकिस्तान होना चाहिए।

शर्मा ने गाजियाबाद और नोएडा में विद्युत विभाग एवं नगर विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख करते हुए बताया कि पश्चिमांचल में साढे तीन सौ करोड रुपए से विद्युत सुदृढ़ीकरण के कार्य कराए गए, जिसमें जर्जर तार पोल बदले गए। इसमें से 236 करोड रुपए से गाजियाबाद में और 200 करोड रुपए से नोएडा में कार्य हुए हैं। विगत दो वर्षों में 300 करोड रुपए के नोएडा में विद्युत कार्य कराए गए। गाजियाबाद एवं नोएडा नगर क्षेत्र के नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायत में विकास कार्य कराए जा रहे है। लोनी में सीवर डालने का कार्य हो रहा है। रामनगर में 40 से 45 करोड़ रुपए के पेयजल सुविधा के लिए कार्य हो रहा। गाजियाबाद नगर निगम में 140 करोड रुपए के विकास कार्य कराए गए। कार्यक्रम में मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक नंद किशोर गुर्जर, अजीत पाल त्यागी, संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, महापौर सुनीता दयाल आदि उपस्थित रहे।