-300वीं जयंती पर भव्य समारोह, नारी उत्थान और समाज सेवा के लिए जीवन समर्पित किया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक भव्य समारोह में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर के विचार और जीवन आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवा और सम्मान पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता में नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगर निगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जहां भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, वहीं बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि 300 वर्ष बाद भी यदि हम अहिल्याबाई होल्कर और महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों को याद कर रहे हैं, तो यह उनकी अमर चेतना का प्रमाण है। अहिल्याबाई ने विपरीत परिस्थितियों में समाज के लिए जो किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने सारे आभूषण और संपत्ति भारत की संस्कृति, नारी शिक्षा और समाज कल्याण के लिए समर्पित कर दी। उन्होंने कहा कि पहले महापुरुषों को याद करने के संगठित प्रयास नहीं होते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ा जा रहा है। रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए एक आदर्श है। उनका योगदान केवल ऐतिहासिक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के वर्तमान और भविष्य के लिए भी मार्गदर्शक है।
ऐसे आयोजन न केवल स्मरण हैं, बल्कि एक सांस्कृतिक जागरण की शुरुआत भी हैं। इस भव्य आयोजन में रानी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र भी दिखाया गया, जिसमें उनके धार्मिक योगदान, सामाजिक कार्य और ऐतिहासिक उपलब्धियों को दर्शाया गया। ऑडिटोरियम में उनकी जीवनी से जुड़े चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। समारोह में भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, पूर्व महापौर आशु वर्मा, आशा शर्मा, पूर्व विधायक कृष्णवीर सिंह सिरोही, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, जेबी यादव, चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नारी उत्थान की अग्रदूत थीं अहिल्याबाई होल्कर
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि इतिहास में कई ऐसे महापुरुषों का जिक्र नहीं किया गया जिन्होंने समाज और देश के लिए असाधारण योगदान दिया। अहिल्याबाई होल्कर ने नारी शिक्षा, महिला सुधार और समाज सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो बाबासाहेब आंबेडकर से लेकर अहिल्याबाई तक, हर राष्ट्रनिर्माता को उचित सम्मान देती है।
संस्कृति और सनातन के लिए जीवन दांव पर लगाया
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन एक संघर्षगाथा है, जिसने उन्हें भारत की महानतम महिला शासकों में स्थान दिलाया। उन्होंने आठ वर्ष की आयु में विवाह किया और मात्र 21 की उम्र में विधवा हो गईं। इसके बावजूद उन्होंने अपने जीवन को लोकसेवा, धर्म और संस्कृति के संरक्षण में समर्पित कर दिया। वह नारी शक्ति की जीती-जागती मिसाल हैं।
अहिल्याबाई सिर्फ इतिहास नहीं, हमारी चेतना हैं
भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि होल्कर जैसी नारियों ने भारत की मिट्टी को गौरव दिलाया। वे केवल शासिका नहीं, बल्कि समाज सुधारिका थीं। आज जब हम उनके 300वीं जयंती मना रहे हैं, तो हमें संकल्प लेना चाहिए कि उनके आदर्शों पर चलकर समाज को नई दिशा देंगे।


















