कांशीराम आवास योजना के 6 फ्लैटों से अवैध कब्जेदारों को बेदखल कर जीडीए ने लगाए ताले

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मधुबन-बापूधाम योजना में कांशीराम आवास योजना के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 फ्लैटों से अवैध रूप से रह रहे लोगों को बाहर निकाल दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बुधवार को की गई, जिसमें जीडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जेदारों को बेदखल किया और फ्लैटों में ताले जड़ दिए। जिन फ्लैटों में अवैध कब्जे हटाए गए उनमें एफके-2/25-4 बी, एफके-2/22-3, एफके-2/22-1ए, एफके-2/6-4ए, एफके-2/5-2ए और एफके-2/3-1बी शामिल हैं। जीडीए के सहायक अभियंता और अवर अभियंता की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले अवैध रूप से रह रहे लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी और फिर उन्हें फ्लैट खाली करने को कहा गया।

अधिकारियों के अनुसार, इन फ्लैटों पर न तो संबंधित लोगों का आवंटन था और न ही किसी प्रकार की वैधता। इसके बावजूद लंबे समय से वहां पर अनाधिकृत रूप से रहकर न सिर्फ सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग किया जा रहा था, बल्कि फ्लैटों की देखरेख में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई के बाद सभी छह फ्लैटों को बंद कर उसमें जीडीए का ताला लगा दिया गया है, ताकि दोबारा कोई अवैध कब्जा न हो सके।

जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अनधिकृत कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई को और तेज़ किया जाएगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सख्ती का संदेश गया है और अवैध रूप से कब्जा जमाने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। जीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी फ्लैट या संपत्ति की खरीद-फरोख्त से पहले प्राधिकरण से वैधता की पुष्टि अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।