एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था का भावुक कैंडल मार्च, 266 मासूम जिंदगियों को दी श्रद्धांजलि

-पटेल चौक हल्द्वानी में विमान हादसे के पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए मौन व्रत, सरकार से उच्च स्तरीय जांच की मांग

उदय भूमि संवाददाता
हल्द्वानी। अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान के भयावह क्रैश में जान गंवाने वाले 266 निर्दोष नागरिकों की याद में हल्द्वानी के पटेल चौक पर शनिवार को एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने एक भावुक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य योगिता बनोला के नेतृत्व में कैंडल जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। संस्था के कोषाध्यक्ष बलराम हालदार और सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि उड़ान भरते ही विमान का दुर्घटनाग्रस्त हो जाना और 266 निर्दोषों की मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह हादसा केवल एक तकनीकी त्रुटि नहीं हो सकता, यह मानव जीवन के प्रति गंभीर लापरवाही का प्रमाण है। हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि इस त्रासदी की गहराई से जांच की जाए और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय रहते सतर्क होती, तो शायद यह असहनीय क्षति टाली जा सकती थी। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में न हों, इसके लिए ठोस नीतियां और जवाबदेही तय करना जरूरी है। सदस्यों ने भावुक होते हुए कहा कि मृतकों के लिए प्रार्थना करना हमारा कर्तव्य है, लेकिन संवेदनशीलता तभी सार्थक होगी जब हम लापरवाही के खिलाफ आवाज बुलंद करें। अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया विमान हादसे में 266 निर्दोष जिंदगियों का यूं असमय चले जाना पूरे देश के लिए गहरा आघात है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक बड़ी प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही का परिणाम है। ऐसी घटनाएं न केवल हमें झकझोरती हैं, बल्कि व्यवस्था की असंवेदनशीलता को भी उजागर करती हैं। आज पटेल चौक हल्द्वानी में हमने कैंडल जलाकर और मौन व्रत रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

यह हमारा कर्तव्य है कि हम न केवल प्रार्थना करें, बल्कि आवाज उठाएं कि अब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम भारत सरकार से मांग करते हैं कि इस हादसे की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए और जो भी व्यक्ति या संस्था इसके लिए जिम्मेदार हो, उस पर हत्या जैसे गंभीर अपराध में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह समय केवल शोक का नहीं, जवाबदेही तय करने का है। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था हमेशा पीडि़तों के साथ खड़ी रही है और आगे भी आवाज़ उठाती रहेगी। हम मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

इस श्रद्धांजलि आयोजन में संस्था से जुड़े दर्जनों प्रमुख लोग जिनमें कोषाध्यक्ष बलराम हालदार, समाजसेवी मनीष पंत, हेमंत कुमार साहू, अतुल जायसवाल, कपिल अग्रहरि, पूर्णिमा रजवार, योगिता बनोला, प्रीति आर्या, अलका टंडन, रेनू कांडपाल, सुमन वार्ष्णेय, खुशबू जायसवाल, आभा गोस्वामी, सीमा बत्रा, मीना सती, मन्ना परगई, जया जोशी, तारा टकवाल, सोनिया अग्रवाल, मीरा श्रोत्रिय, काजल खत्री, लीला भंडारी, बेबी गोयल, हेमा कार्की, प्रीति टंडन, नंदिनी देवल, यश गुप्ता, मनीष साहू, राकेश बेलवाल, चंद्रशेखर बंसल, महेश साहू, संदीप यादव, सूरज मिस्त्री, मुकेश साहू, नन्दकिशोर आर्या, धर्मेंद्र साहू, अमन कुमार, जानकी कश्यप, विशाल अग्निहोत्री, अमित गोस्वामी, दीपक प्रजापति, सुशील राय, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।