DM Deepak Meena ने कार्यालय में की जनसुनवाई, नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आम जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी फरियादी निराश न लौटे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भूमि अधिग्रहण) विवेक मिश्र और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और ज़मीनी स्तर पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं, पेंशन, प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदन, नगर निकाय की लापरवाही, और विभिन्न विभागों में लंबित कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण न्यायसंगत और पारदर्शी ढंग से किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि किसी स्तर पर शिथिलता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जन सुनवाई के अंत में जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासनिक तंत्र का उद्देश्य केवल आदेश देना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को हल करना और उनके विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को निडर होकर सामने रखें, प्रशासन उनके साथ खड़ा है।