-डासना में प्रस्तावित योग कार्यक्रम स्थल का जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किया निरीक्षण
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले विशाल जन-योग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शुक्रवार को आईएमएस विश्वविद्यालय शिक्षण परिसर, डासना (राष्ट्रीय राजमार्ग-9) में प्रस्तावित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, मंच व्यवस्था तथा जन-सुविधाओं की स्थिति का गहनता से मूल्यांकन किया और सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योग दिवस जैसा महत्त्वपूर्ण और अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन जनमानस की भावना से जुड़ा है, अत: किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
दीपक मीणा ने जनपदवासियों से भी योग दिवस में अधिकतम संख्या में भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा का संतुलन है, और यह हम सभी के जीवन में स्वास्थ्य, अनुशासन और शांति का संदेश देता है। आइए, योग को अपनाएं और एक स्वस्थ समाज की ओर कदम बढ़ाएं। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग , सांसद राजकुमार सांगवान (बागपत), सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायकगण संजीव शर्मा, मंजू शिवाच, नंदकिशोर गुर्जर, अजीत पाल त्यागी, धर्मेश तोमर तथा विधान परिषद सदस्यगण श्रीचंद शर्मा, धर्मेन्द्र भारद्वाज एवं दिनेश गोयल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
निरीक्षण के समय भारतीय प्रशासनिक सेवा प्रशिक्षु अधिकारी अयान जैन, नगर अतिरिक्त जिला अधिकारी विकास कश्यप, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन, नगर आयुक्त प्रतिनिधि अशोक राणा, आईएमएस संस्थान से ललित जायसवाल, अनिल अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संस्थान प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
















