गाजियाबाद कावड़ यात्रा के लिए तैयार, नगर निगम बिछाएगा श्रद्धा की फूलों भरी राहें

-श्रद्धा, सेवा और व्यवस्था का संगम बनेगा सावन: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अगुवाई में तैयारियों को मिली रफ्तार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन मास की पवित्र कावड़ यात्रा को दिव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं के स्वागत में फूलों की चादरें बिछेगी, सफाई मित्र दिन-रात मुस्तैद रहेंगे और निगरानी के लिए हाईटेक कंट्रोल रूम से पूरे मार्ग पर नजर रखी जाएगी। शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई, जिसमें यात्रा को सर्वश्रेष्ठ अनुभव बनाने की रूपरेखा तय की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कावड़ मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए, बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो, शिवालयों के पास पेयजल टैंकर लगाए जाएं, और यात्रा मार्गों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाए। साथ ही नॉनवेज की दुकानों पर प्रतिबंध, सटीक बैरिकेडिंग और दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस बार नगर निगम श्रद्धालुओं का स्वागत फूलों की वर्षा और रास्तों को पुष्पों से सजाकर करेगा।

उद्यान विभाग को विशेष रूप से मार्गों की सजावट और स्वागत व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।  नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर भी पूरी तरह सतर्क है। कावड़ रूट और शिविर स्थलों पर 24 घंटे सफाई मित्रों की तैनाती की जाएगी, जिससे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनी रहे। इसके लिए कूड़ा निस्तारण और डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। यात्रा की सुरक्षा और निगरानी को लेकर एक अत्याधुनिक कावड़ कंट्रोल रूम का निर्माण भी शुरू हो चुका है, जिसमें मौजूदा सीसीटीवी कैमरों को जोड़ा जाएगा और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर नगर निगम अधिकारी भी यात्रा मार्ग पर चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे।

बैठक में मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, प्रकाश प्रभारी एसपी मिश्रा, जल महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा और अधिशासी अभियंता आस कुमार सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों ने एक स्वर में कावड़ यात्रा को श्रद्धा, सेवा और प्रशासनिक समन्वय का आदर्श उदाहरण बनाने का संकल्प लिया। गाजियाबाद नगर निगम की यह तैयारी न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि सुनियोजित और स्वच्छ यात्रा व्यवस्था का प्रतीक भी बनेगी। प्रशासनिक सतर्कता और जनभावनाओं के इस समर्पण ने कावड़ यात्रा को एक अद्वितीय धार्मिक एवं नागरिक आयोजन के रूप में स्थापित कर दिया है।

सड़कों पर बिछेंगे फूल, आसमान से होगी फूलों की वर्षा
पहली बार गाजियाबाद नगर निगम ने पूरे मुख्य मार्गों को फूलों से सजाने और प्रमुख शिविर स्थलों पर फूलों की बौछार का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं के चरणों में फूल बिछेंगे, भावनाओं को मिलेगा सम्मान का मंच।

24×7 चौकसी: हाईटेक कांवड़ कंट्रोल रूम तैयार
नगर निगम और पुलिस मिलकर इस बार बनाएंगे सावधानी और निगरानी की सबसे मजबूत चेन। कंट्रोल रूम में कैमरे जोड़े जाएंगे, और संवेदनशील स्थानों पर नई निगरानी व्यवस्था स्थापित होगी।

साईं उपवन में होगा उत्तर भारत का सबसे बड़ा शिविर आयोजन
इस बार साईं उपवन बनेगा केंद्र बिंदु, जहां कांवडिय़ों के लिए विशाल सेवा शिविर, आरती, भजन संध्या और भक्ति कार्यक्रम होंगे। यहां प्रशासनिक, चिकित्सीय और स्वयंसेवी टीमें चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगी।

शिवालयों के पास टैंकर, हर पड़ाव पर सुविधा:
• पेयजल टैंकर
• मोबाइल शौचालय
• गड्ढा मुक्त रोशनीदार रास्ते
• रात्रि में अतिरिक्त लाइट
• सफाई मित्रों की रोटेशन ड्यूटी
• सेवा शिविरों में चिकित्सीय टीम और औषधि स्टॉल

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

कांवड़ यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, यह हमारी श्रद्धा, सेवा और संकल्प का प्रतीक है। गाजियाबाद नगर निगम की पूरी टीम इस बार कांवडिय़ों को न केवल बेहतर सुविधाएं देने के लिए बल्कि उन्हें सम्मानित अनुभव देने के लिए जुटी है। हमारा लक्ष्य है कि इस यात्रा में श्रद्धालुओं को हर मोड़ पर स्वच्छता, सुरक्षा और सम्मान मिले। फूलों से स्वागत, 24 घंटे सफाई, जल व प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक निगरानी के साथ यह कांवड़ यात्रा एक उदाहरण बनेगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए है कि कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे। श्रद्धालुओं की सेवा ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और गाजियाबाद इस बार उसे पूरे दिल से निभाएगा।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त