-समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो प्राथमिकता, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: दीपक मीणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसी उद्देश्य के साथ जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का न सिर्फ समयबद्ध, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समाधानकारी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को सिर्फ औपचारिक जवाब नहीं, बल्कि ऐसा हल मिलना चाहिए जिससे वह संतुष्ट हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय जांच की आवश्यकता है, वहां टीम मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करे और उसी के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और अपनी जवाबदेही तय करें।
हर अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि उसका विभाग ढ्ढत्रक्रस् पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर देखे और समाधान का फीडबैक भी लिया जाए, जिससे शिकायतों की गुणवत्ता परखने का अवसर भी मिले। इस अवसर पर एडीएम एलए विवेक मिश्र, डीडीओ प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि प्रशासन की साख जनता के विश्वास से जुड़ी है और यदि किसी भी स्तर पर ढिलाई पाई गई तो जवाबदेही तय की जाएगी।
















